Damoh News: कुएं में पहुंचा कीटनाशक वाला पानी, पीने से दो की मौत, 35 बीमार
सागर, 28 जुलाई। मप्र के दमोह जिले के आदिवासी इलाके में एक कुएं का दूषित पानी पीने से दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 35 लोग बीमार हो गए। इनमें से स्कूली बच्चों सहित 8 को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी अनुसार दमोह जिले में बांदकपुर के समीप खंचारी हरदुआ चुंगल आदिवासी गांव में खेतों का कीटनाशक युक्त पानी बारिश के बाद कुएं में जा पहुंचा। दूषित पानी पीने से दो लोगों की मौत हो गई। इनमें गांव के बुजुर्ग आदिवासी 80 साल एवं इनके अलावा 32 साल की गेंदाबाई की भी मौत हो गई। गांव के अन्य घरों में एक के बाद एक व्यक्ति उल्टी-दस्त का शिकार होने लगे। हर घर में बीमार होने के बाद इसकी सूचना गांव के सरपंच प्रतिनिधि को दी गई। गांव वालों ने भी कुएं के पानी को दूषित होने का संदेह जताया है।
हडकंप के बाद स्वास्थ्य विभाग, पीएचई ने गांव में डेरा डाला
हरदुआ खंचारी में दूषित पानी पीने से दो मौत व दर्जनों बीमार की खबर फैलते ही प्रशासन हरकत में आया और स्वास्थ्य विभाग, पीएचई विभाग की टीमों को तत्काल गांव भेजा गया, मरीजों का इलाज प्रारंभ कराया गया। यहां से बच्चों सहित 8 मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। यहां मरीजों का इलाज चल रहा है।
नलजल योजना नहीं है, एक कुएं पर आश्रित 250 परिवार
जानकारी अनुसार हरदुआ खंचारी आदिवासी बाहुल्य गांव में पेयजल के लिए नलजल योजना नहीं है। मात्र एक सार्वजनिक कुआं है, जिसके पानी का गांव के सभी परिवार उपयोग करते हैं। बारिश के दौरान खेतों डाला गया कीटनाशक पानी के साथ घुलकर कुंए में आया गया, जिसके बाद यही पानी लोगों ने पीने में उपयोग किया और बीमार हो गए, दो की जान चली गई।












Click it and Unblock the Notifications