झारखंड चुनाव: सुदेश महतो से महुआ माजी तक, रांची इलाके में 5 दिगग्ज की प्रतिष्ठा दांव पर, किसका पलड़ा भारी?
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव में दक्षिणी छोटानागपुर यानी रांची के इलाके में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। 2019 के विधानसभा चुनावों में भाजपा यहां पिछड़ गई थी लेकिन इस बार यहां भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और मजबूत स्थिति में दिख रही है।
2019 के चुनाव में भाजपा के कमजोर पड़ने की वजह से जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन को फायदा हुआ और उन्होंने इस इलाके की 15 सीटों में से 9 पर जीत हासिल की थी। हालांकि, इस बार एनडीए एकजुट है, जो संभावित रूप से पिछले चुनाव के परिणाम को पलट सकते हैं।

ये भी पढ़ें- झारखंड चुनाव 2024: BJP या JMM? पहले चरण की 43 सीटों में किसका पलड़ा भारी? क्या कहता है सर्वे?
आजसू पार्टी के एनडीए में फिर से शामिल होने और बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के भाजपा में विलय के बाद एनडीए गठबंधन पहले से कहीं ज्यादा मजबूत नजर आ रहा है। इसके अलावा, जेडीयू और एलजेपी (रामविलास) भी इस गठबंधन का हिस्सा हैं, जिससे इसकी स्थिति और मजबूत हुई है।
हालांकि फिर भी एनडीए और इंडिया ब्लॉक दोनों गठबंधनों के बीच कड़ी टक्कर है, और उनकी स्थिति में मामूली अंतर है। इस क्षेत्र में पांच दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सीपी सिंह, महुआ माजी से लेकर सुदेश महतो और राजा पीटर इसी इलाके से आते हैं। आइए जानें इन इलाके के हॉट सीट और चर्चित उम्मीदवारों की स्थिति के बारे में?
ये भी पढ़ें- Jharkhand Chunav: झारखंड में थमा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोटिंग, देखें पूरी लिस्ट
🔴 रांची विधानसभा चुनाव 2024: सीपी सिंह vs महुआ माजी
रांची से भाजपा ने अपने वर्तमान विधायक सीपी सिंह को टिकट दिया है। वहीं जेएमएम ने महुआ माजी को मैदान में उतारा है। पिछले 34 साल से रांची पर भाजपा का कब्जा है। 2019 के चुनाव में रांची में सीपी सिंह ने जेएमएम उम्मीदवार महुआ माजी को हराया था।
2019 के चुनाव में सीपी सिंह को 79,522 वोट मिले थे। वहीं महुआ माजी को 73,569 वोट मिले थे। रांची में इस बार महुआ माजी और सीपी सिंह में आर-पार की लड़ाई है।
🔴 खूंटी विधानसभा चुनाव 2024: नीलकंड सिंह मुंडा vs राम सुर्य मुंडा
भाजपा उम्मीदवार नीलकंठ सिंह, झारखंड गठन के बाद से ही खूंटी से विधायक हैं। भाजपा ने फिर से छठी बार उनपर भरोसा किया है। नीलकंठ के बड़े भाई कालीचरण मुंडा खूंटी से सांसद हैं। जेएमएम ने इस बार राम सूर्य मुंडा को टिकट दिया है। यह पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं। खूंटी में मुंडा समुदाय सबसे प्रभावशाली है।
🔴 सिल्ली विधानसभा चुनाव 2024: सुदेश महतो vs अमित महतो
सिल्ली विधानसभा सीट पर आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो उम्मीदवार हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में सुदेश महतो ने यहां 20 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। जेएमएम ने इस बार अमित महतो को टिकट दिया है। जयराम महतो की पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र महतो भी चुनावी मैदान में हैं।
🔴 तमाड़ विधानसभा चुनाव 2024: राजा पीटर vs विकास सिंह मुंडा
तमाड़ विधानसभा सीट पर एनडीए के बैनर तले जेडीयू के पूर्व मंत्री राजा पीटर और जेएमएम विधायक विकास सिंह मुंडा के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। झामुमो विधायक विकास सिंह मुंडा 2019 के विधानसभा चुनाव में आजसू के राम दुर्लाव सिंह मुंडा को 30 हजार से ज्यादा वोटों से हराए थे।
🔴 लोहरदगा विधानसभा चुनाव 2024: डॉ. रामेश्वर उरांव vs नीरू शांति भगत
लोहरदगा विधानसभा सीट पर इंडिया ब्लॉक के बैनर तले कांग्रेस ने मंत्री और विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव को टिकट दिया है। वहीं आजसू ने पूर्व विधायक कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत को चुनावी मैदान में उतारा है। लोहरदगा विधानसभा सीट से कुल 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications