झारखंड: दो महीने तक चलेगा मुख्यमंत्री फुटबॉल कप, 90,000 खिलाड़ी होंगे शामिल
झारखंड में दो महीनों के लिए मुख्यमंत्री फुटबॉल कप का आगाज हो चुका है। एक नवंबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 29 दिसंबर, 2022 तक चलेगी। इन दो महीनों में इस फुटबॉल प्रतियोगिता में राज्य भर में 90,000 से ज्यादा प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मौका मिलेगा। झारखंड खेल के क्षेत्र में परंपरागत तौर पर समृद्ध रहा है और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रदेश के टैलेंट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभारने के प्रयासों में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री फुटबॉल कप का आयोजन
झारखंड में मुख्यमंत्री फुटबॉल कप कितना बड़ा खेल आयोजन है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें पंचायत स्तर पर 5,128 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें 82,000 से ज्यादा खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। इनके अलावा जिला स्तर पर भी 736 टीमें बनाई गई हैं, 7,000 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। पंचायत स्तर पर टीमों की बड़ी संख्या और खिलाड़ियों की लंबी तादाद देखते हुए इसका आगाज भी किया जा चुका है।
हर प्रतियोगी को मिलेगा फुटबॉल किट
राज्य के खेल सचिव मनोज कुमार और खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा ने शनिवार को बताया कि सरकार की ओर से इस बार प्रतियोगिता में भाग ले रहे हर खिलाड़ी को पूरी फुटबॉल किट उपलब्ध करवाई जा रही है। इनके मुताबिक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर यह गेम नॉकाउट के आधार पर और क्षेत्रीय और प्रदेश स्तर पर लीग के साथ-साथ नॉकआउट के आधार पर आयोजित की गई है।
खिलाड़ी ऑनलाइन करवा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
मुख्यमंत्री फुटबॉल कप के लिए इस बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है और सभी खिलाड़ियों का एक डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। राज्य के खेल सचिव और खेल निदेशक की ओर से बताया गया है कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर डे बोर्डिंग और आवासीय केंद्रों के ट्रेनर निगरानी रखेंगे। इन प्रतियोगिताओं के जरिए जो प्रतिभावान खिलाड़ी चुने जाएंगे, उन्हें झारखंड सरकार की ओर से संचालित बोर्डंग सेंटर में रखा जाएगा और बेहतरीन ट्रेनिंग दिलाई जाएगी।
प्रदेश भर में फुटबॉल मैदान बनाने की योजना
सबसे बड़ी बात है कि सोरेन सरकार फुटबॉल को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को उभरने का मौका देने के लिए प्रदेश भर में फुटबॉल मैदान तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। ऐसा हो जाने पर गांव-गांव के बच्चों को फुटबॉल खेलने के प्रति रुझान और बढ़ने की उम्मीद है। (तस्वीर-फाइल)












Click it and Unblock the Notifications