जम्मू कश्मीर के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी, बारामूला में हर तरफ ढकी बर्फ की सफेद चादर,देखिये VIDEO
Jammu Kashmir Weather: इन दिनों जम्मू कश्मीर के पहाड़ी प्रदेश में भीषण ठंड का सामना किया जा रहा है। पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हो रही है, जबकि श्रीनगर में अभी तक बर्फबारी का इंतजार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पारा शून्य से नीचे गिर चुका है और डल झील समेत कई छोटे जलाशय भी जमने लगे हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने यह भी बताया कि नए साल के पहले हफ्ते में जम्मू कश्मीर के तमाम इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। बारामूला जिले के गुलमर्ग में बर्फबारी हो रही है, लिहाजा यह इलाका पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

कश्मीर में शीत लहर की स्थिति, बर्फबारी के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और चिनाब घाटी, पीर पंजाल पर्वतमाला के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। पूरे कश्मीर में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे गिर चुका है। शुष्क मौसम के कारण जलापूर्ति पाइपलाइन में पानी जम गया है और डल झील के अलावा कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की एक पतली परत जम चुकी है।
चिल्ला-ए-कलां' के दौरान बर्फबारी की संभावना
कश्मीर घाटी इस समय 'चिल्ला-ए-कलां' (अत्यधिक सर्दी) की चपेट में है, जो कि 40 दिनों तक चलने वाला अत्यधिक ठंडा मौसम होता है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान बहुत गिर जाता है। यह अवधि 30 जनवरी को समाप्त होगी, लेकिन उसके बाद भी शीत लहर जारी रहेगी। 'चिल्ला-ए-कलां' के बाद 'चिल्ला-ए-खुर्द' (20 दिन) और 'चिल्ला-ए-बच्चा' (10 दिन) का दौर आएगा, जब ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।
कई जिलों में होगी बर्फबारी
मौसम पूर्वानुमानकर्ता फैजान आरिफ ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर के कठुआ, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जहां 10 इंच तक बर्फबारी का अनुमान है। वहीं, जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में बर्फबारी की 25-30 प्रतिशत संभावना है, विशेषकर कुलगाम और अनंतनाग जिलों में। लद्दाख में भी कारगिल और लेह जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, 31 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 1-4 जनवरी के दौरान कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में जम्मू कश्मीर और लद्दाख में शीत लहर और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।
तापमान में गिरावट जारी
श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, पहलगाम, काजीगुंड और कोकरनाग जैसे इलाकों में भी तापमान में मामूली सुधार देखा गया है, लेकिन फिर भी ठंड बहुत अधिक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें MP News: ट्रेन के नीचे लटककर 290 किलोमीटर की यात्रा, हैरान रेलवे कर्मचारियों ने किया पुलिस के हवाले












Click it and Unblock the Notifications