कश्मीर घाटी में शीतलहर से जीवन प्रभावित, श्रीनगर में तापमान माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज
Srinagar Weather Update: जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगातार शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। श्रीनगर की ऐतिहासिक डल झील सहित अन्य जलस्रोत में बर्फ तैर रही हैं। घरों में पानी की आपूर्ति के पाइपों में भी पानी जमने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, कश्मीर घाटी में शीत लहर और भी तेज हो गई है। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, श्रीनगर का न्यूनतम तापमान आज माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कश्मीर में गुलमर्ग को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहलगाम में माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि गुलमर्ग में माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

चिल्लई-कलां का 40 दिवसीय सर्दी का दौर 21 दिसंबर से शुरू हुआ था और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद 20 दिन तक चिल्लई-खुर्द (छोटी सर्दी) और फिर 10 दिन तक चिल्लई-बच्चा (सर्दी का आखिरी दौर) रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि 31 जनवरी तक मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा और शुष्क मौसम बना रहेगा।
कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित
मौसम विभाग ने शुक्रवार को 14 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बीते दिन कोहरे की वजह से कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 72 फ्लाइट्स का ऑपरेशन प्रभावित रहा। 39 फ्लाइट्स के टेकऑफ और 21 की लैंडिंग में देरी हुई, जबकि 12 फ्लाइट्स के रूट को बदलना पड़ा। एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह 5 बजे से 10 बजे तक फ्लाइट संचालन में खलल पड़ा। इसके अलावा, गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी 18 फ्लाइट्स देरी से चलीं।
यह भी पढ़ें 'तूने मुझे बुलाया शेरा वालिये', लाल चुनरी ओढ़कर फारूक अब्दुल्ला ने गाया भजन, देखें VIDEO












Click it and Unblock the Notifications