'तूने मुझे बुलाया शेरा वालिये', लाल चुनरी ओढ़कर फारूक अब्दुल्ला ने गाया भजन, देखें VIDEO
Farooq Abdullah JKNC: जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के धाम में भजन गाया। लाल चुनरी ओढ़े हुए फारूक अब्दुल्ला 'चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है' भजन गाते हुए नजर आए। उनकी सुरीली आवाज में यह भजन बहुत वायरल हो रहा है। 87 वर्षीय फारूक अब्दुल्ला कटरा के एक आश्रम में आयोजित भजन कार्यक्रम में गायक और बच्चों के साथ शामिल हुए।
रोपवे परियोजना के खिलाफ की आवाज बुलंद
फारूक अब्दुल्ला ने इस मौके पर कटरा के लोगों के विरोध को समर्थन देते हुए रोपवे परियोजना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मंदिर के संचालन से जुड़े लोगों को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों के हितों को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कटरा शहर में रोपवे निर्माण के प्रस्ताव को लेकर बोर्ड की कड़ी निंदा की और कहा कि शहर के विकास में स्थानीय लोगों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कटरा के लोगों ने यह साबित कर दिया कि सत्ता जनता के पास है, न कि सरकार के पास। सरकार को जनता के खिलाफ कोई भी फैसला नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अब इस परियोजना पर स्थानीय लोगों से सलाह लेकर फैसला लेना चाहिए, क्योंकि जनता की शक्ति सबसे बड़ी है।
ईश्वर की शक्ति पर जताया विश्वास , धर्म को लेकर कही यह बात
फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि पहाड़ी लोग माता के आशीर्वाद से अपनी आजीविका कमाते हैं और उन्हें किसी भी निर्माण कार्य के दौरान ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "ईश्वर की शक्ति सबसे ऊपर है, बिना उनकी शक्ति के कोई भी फैसला नहीं लिया जा सकता।"
अब्दुल्ला ने यह भी टिप्पणी की कि धर्म के नाम पर अक्सर लोग अपने स्वार्थ के लिए उसे दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने कहा, "सभी धर्मों की मूल शिक्षाएं एक जैसी हैं, लेकिन लोग धर्म का इस्तेमाल अपनी निजी लाभ के लिए करते हैं।" फारूक अब्दुल्ला का यह भजन गाने का और उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें 'INDIA गठबंधन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं था', विपक्ष की एकजुटता पर बोले फारूक अब्दुल्ला












Click it and Unblock the Notifications