J&K:कोविड मरीज के परिजनों की मदद के लिए आगे आई सेना, खिला रही है खाना
बारामूला, 27 मई: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में कोविड मरीजों के परिजनों और तीमारदारों की मदद के लिए बहुत बड़ी पहल शुरू की है। इसने बारामूला के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और इंडोर स्टेडियम में इलाज करा रहे कोरोना मरीजों के रिश्तेदारों को मुफ्त में खाना उपलब्ध कराना शुरू किया है। दरअसल, मरीजों को तो अस्पताल में ही खाना मिल जा रहा है, लेकिन उनके जो परिजन दूर-दराज के इलाकों से उन्हें लेकर आए हुए हैं, उन्हें लॉकडाउन के चलते बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही है। भारतीय सेना अब उन लोगों को मुफ्त में खाना खिला रही है तो उसकी काफी सराहना हो रही है।

सेना खिला रही है मरीज के परिजनों को खाना
कोविड अस्पताल के इंचार्ज और चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर मजमत ने कहा, 'इस समय कोविड अस्पतालों में 61 कोविड मरीज एडमिट हैं और हर मरीज के साथ कम से कम 2 या 3 रिश्तेदार हैं।' उन्होंने भी कहा कि मरीजों के लिए तो खाने का इंतजाम अस्पताल से ही हो जाता है, लेकिन दूर के इलाकों से आए उनके परिजनों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि लॉकडाउन के चलते इन लोगों को खाने का इंतजाम करने में बहुत ही ज्यादा दिक्कत होती है। भारतीय सेना के प्रयासों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, 'भारतीय सेना की ओर से सच में यह बहुत ही नेक प्रयास है कि रिश्तेदारों को किसी भी तरह की तकलीफ न हो।' उन्होंने यह भी कहा कि 'इससे सेना और स्थानीय लोगों में बातचीत भी बढ़ गई है, जो कि सबके लिए अच्छा है।'
भारतीय सेना ने लोगों का दिल जीत लिया
इंडोर स्टेडिम में एडमिट एक कोविड मरीज के रिश्तेदार मंजूर अहमद ने कहा है,'मैं बारामूला जिले के दूर इलाके का हूं और मैं कई दिनों से अपने मरीज के साथ यहां पर हूं। लेकिन, लॉकडाउन की वजह से हमें खाने का इंतजाम करने में काफी दिक्कत होती है। हमारे मरीजों को तो खाना मिलता है, लेकिन अटेंडेंट के लिए लॉकडाउन में खाना मिलना बहुत बड़ी समस्या है। मैं खाना देने के लिए भारतीय सेना का सच में शुक्रगुजार हूं।' उन्होंने कहा, 'कई सारे एनजीओ भी हमें खाना उपलब्ध करवा रहे हैं। मैं इस मुश्किल वक्त में मदद का हाथ बढ़ाने वाले सभी लोगों को शुक्रिया अदा करता हूं। ' एक और कोरोना मरीज के रिश्तेदार सुरिंदर सिंह बोले, 'सेना हमारी सेवा कर रही है और कोविड-19 के इस मुश्किल वक्त में इससे सच में हमें बड़ी राहत मिल रही है। मैं वाकई उनके प्रति शुक्रगुजार हूं।'
बारामूला म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के चेयरमैन तौसीफ रैना ने भी भारतीय सेना की कोशिशों की सराहना की है। उनके मुताबिक, 'भारतीय सेना की इस पहल की वाकई हम सराहना करते हैं। लोग सच में बहुत ज्यादा मुश्किल झेल रहे हैं, खासकर अटेंडेंट। हमें उम्मीद है कि यह मदद लंबे वक्त तक जारी रहेगी, ताकि अटेंडेंट को फिर से उन्हीं परेशानियों का सामना न करना पड़े। '












Click it and Unblock the Notifications