अभी भी लटकी है अशोक गहलोत की कुर्सी पर तलवार, केसी वेणुगोपाल विधायक दल की बैठक को लेकर कही यह बात
जयपुर, 4 अक्टूबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद भले ही कांग्रेस अध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया हो। लेकिन उनके मुख्यमंत्री के पद पर तलवार अभी भी लटकी हुई है। एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को फिर कहा कि जयपुर में कांग्रेस विधायक दल की एक और बैठक बुलाई जाएगी। कांग्रेस पर्यवेक्षकों की टीम जयपुर में विधायक दल की बैठक लेगी।


बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित करने का जिक्र
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी की परंपरा के मुताबिक विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अगला मुख्यमंत्री चुनने का अधिकार दिया जाए। बैठक लेने के लिए राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन और पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह बतौर पर्यवेक्षक जयपुर में मौजूद रहेंगे। उससे पहले जयपुर में विधायक दल की बैठक लेने के लिए अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे आए थे। लेकिन गहलोत समर्थक विधायकों के विधायक दल की बैठक के बहिष्कार के बाद बैठक आहूत नहीं हो सकी थी।

विधायकों का संख्या बल अशोक गहलोत के पक्ष में
अशोक गहलोत गुट के विधायकों का कहना है कि विधायकों का संख्या बल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पक्ष में है। काफी संख्या में विधायकों ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के विरोध में अपना इस्तीफा दे दिया है। हालांकि उनमें से कई विधायकों ने परिस्थिति को देखते हुए अपना रुख बदल लिया है। गांधी परिवार राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाना चाहता है।

पहले भी बड़े कद के नेता कर चुके हैं पार्टी से बगावत
राजस्थान में जो घटित हो रहा है वह पार्टी से पहली बगावत नहीं है। कांग्रेस में ऐसे नेताओं का लंबा इतिहास रहा है। जिनका कद राज्यों में काफी ऊंचा हो गया था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ ताकत भी दिखाई थी। गांधी परिवार को डर है कि अशोक गहलोत भी ऐसा ही कर सकते हैं। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक गांधी परिवार कांग्रेस के स्टिट्क को मैनेज कर सकता है। क्योंकि मलिकार्जुन खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय है। खड़गे खुद कोई निर्णय नहीं ले कर हर बात पर गांधी परिवार से पूछेंगे।

सचिन पायलट ने की प्रताप सिंह खाचरियावास से मुलाकात
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सोमवार की शाम गहलोत सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास से मिलने पहुंचे प्रताप सिंह खाचरियावास सचिन पायलट के बड़े प्रशंसक रहे हैं। खाचरियावास अभी अशोक गहलोत के करीबी मंत्री हैं। राजस्थान के सियासी घटनाक्रम से ठीक पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तनोट माता के दर्शन करने के लिए प्रताप सिंह खाचरियावास को अपने साथ लेकर गए थे। प्रदेश में हुए घटनाक्रम में खाचरियावास की भी बड़ी भूमिका मानी जा रही है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान उनके बीच किन मुद्दों को लेकर बात हुई है। सियासी गलियारों में यह चर्चा का विषय है।












Click it and Unblock the Notifications