'नरेंदर के सरेंडर की कीमत चुका रहा हिंदुस्तान,' घरेलू LPG सिलेंडर महंगा होते ही विपक्ष ने सरकार को घेरा
देश में आम जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ रही है। इस बीच अब केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दामों में ₹29 की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर अब ₹942 हो गई है। पिछले तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है, इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे। इस फैसले के बाद से ही देश का सियासी पारा गरमा गया है और कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी व समाजवादी पार्टी समेत पूरे विपक्ष ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
घरेलू रसोई गैस की नई कीमतें रविवार से लागू हो गई हैं। स्थानीय टैक्स और परिवहन लागत के कारण अलग-अलग शहरों में इसकी कीमतें अलग-अलग हो सकती हैं। मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में जारी संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का हवाला देकर यह बोझ आम उपभोक्ताओं पर डाला गया है।

केवल तीन महीनों के भीतर ही घरेलू गैस सिलेंडर ₹89 तक महंगा हो चुका है। इसके अलावा, मई के मध्य से अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कुल ₹7.5 प्रति लीटर और सीएनजी (CNG) में करीब ₹6 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसने आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
मोदी सरकार पर कांग्रेस का तीखा हमला
कीमतें बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर 'महंगाई मैन मोदी' कहकर तीखा तंज कसा है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक 'X' हैंडल पर लिखा, 'महंगाई मैन मोदी ने फिर हंटर चलाया है। मोदी जी का फॉर्मूला साफ है- जनता को लूटो, अमीर दोस्तों की तिजोरी भरो।'
कांग्रेस ने खड़गे के बयान का Video किया शेयर
इसके साथ ही कांग्रेस ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रधानमंत्री के लिए 'सरेंडर मोदी' शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। खड़गे वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आगे सरेंडर हैं। जो ट्रंप कहते हैं वही करते हैं। ये देश को बेचने का काम कर रहे हैं और हमें फिर से गुलामी में धकेल रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने गुवाहाटी में कहा कि वैश्विक अस्थिरता के दौर में उपभोक्ताओं को लगातार इस तरह की मार झेलनी पड़ रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
'आने वाले दिनों में हालात और खराब होंगे'
घरेलू LPG की कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद कहते हैं, 'आने वाले दिनों में हालात और खराब होंगे। सरकार इसे लेकर गंभीर नहीं है। सरकार को समाधान खोजने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए, लेकिन इस दिशा में कोई काम नहीं हो रहा है... हर चीज़ की कीमतें बढ़ रही हैं...'
सपा और AAP ने भाजपा सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया है। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा- 'भाजपा निर्मित महंगाई से जनता त्रस्त, हुक्मरान मस्त! सिर्फ तीन महीनों में ही घरेलू LPG सिलेंडर 89 रुपए महंगा हो चुका है। जनता से ये लूट आखिर कब रुकेगी? भाजपा हटाओ, देश बचाओ।'
दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोदी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'महंगाई ने पहले ही जनता की कमर तोड़ रखी है, अब मोदी सरकार उसके पेट पर भी लात मार रही है। तीन महीने के भीतर दूसरी बार घरेलू गैस सिलेंडर महंगा करके जनता की जेब पर डाका डाला गया है।'
TMC ने 'विश्वगुरु' के नारे पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी ने भी भाजपा के विकास मॉडल की कड़ी आलोचना की। टीएमसी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'यह भाजपा का असली मॉडल है: जब भी वैश्विक संकट आता है, गरीब परेशान होता है और अमीर फलता-फूलता है। जो सरकार खुद को 'विश्वगुरु' बताती है, वह अपने ही नागरिकों को बार-बार लगने वाले इन झटकों से नहीं बचा पा रही है। दूरदर्शिता दिखाने के बजाय नरेंद्र मोदी सरकार इस बढ़ती कीमतों का बोझ आम परिवारों पर डाल देती है। अमीरों के लिए यह सिर्फ एक मामूली असुविधा हो सकती है, लेकिन करोड़ों परिवारों के लिए यह उनके पहले से ही सिकुड़ते बजट पर एक और बड़ा प्रहार है।'















Click it and Unblock the Notifications