राजस्थान में आज से स्कूलों में नौ से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू, सिलेबस में तीस फीसदी की कटौती
जयपुर, 1 सितम्बर। राजस्थान में आज से सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 9 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। वहीं, शिक्षा विभाग एवं sop के द्वारा जारी की गई कोरोना एडवाइजरी की पूर्णतया पालना करवाने को लेकर भी निर्देशित किया गया है।

कोरोना महामारी का खौफ कम होने पर स्कूलों के साथ-साथ कोचिंग संस्थान भी अनलॉक होने लगे हैं। इनके अलावा एक से आठवीं तक की कक्षाओं के संचालन के बारे में भी जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा।
खास बात यह है कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंकाओं के देखते हुए इस बार तय किया गया है कि कक्षा नौ से बाहरवीं तक में हर माह टेस्ट होंगे। साथ ही सिलेबस में तीस प्रतिशत की कटौती कर दी गई है।
शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका कम नहीं हुई है। इसलिए स्कूल खोलने के साथ ही हर माह टेस्ट के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर छात्रों का मूल्यांकन किया जा सके।
इधर, दौसा जिले से खबर है कि यहां पर भी कोरोना वायरस को लेकर सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी की पालना करते हुए स्कूलें शुरू की गई हैं। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में वन इंडिया हिंदी की टीम पहुंची तो बिनाका खंडेलवाल प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल के मुख्य दरवाजे से लेकर कक्षा कक्षों तक को सैनेटाइज करवाया है।












Click it and Unblock the Notifications