ग्रेनेड हमले में छिंदवाड़ा जिले का जवान शहीद, जम्मू के दुर्गमूला में आतंकियों ने किया हमला
जम्मू के दुर्गमूला सेक्टर में आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ चल रही थी, जिसमें आतंकियों की ओर ग्रेनेड से हमला किया जा रहा था। सेना के जवानों की तरफ से भी जबाबी कार्रवाई की गई।
छिंदवाड़ा, 17 जून: जम्मू में आतंकियों के ग्रेनेड हमले में मप्र के छिंदवाड़ा जिले का एक जवान शहीद हो गया। भारत यदुवंशी नाम का शहीद जवान भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल 41 में तैनात था। इस खबर को सुनकर शहीद के गांव में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि शहीद का पार्थिव शरीर नागपुर आएगा, जहाँ से सेना की मौजूदगी में गृह गांव ले जाकर अंतिम संस्कार होगा।

जम्मू के दुर्गमूला सेक्टर में आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ चल रही थी, जिसमें आतंकियों की ओर ग्रेनेड से हमला किया जा रहा था। सेना के जवानों की तरफ से भी जबाबी कार्रवाई की गई। लेकिन आतंकियों के ग्रेनेड हमले का मप्र का लाल शिकार हो गया। हमले में भारत यदुवंशी नाम का जवान शहीद हो गया। जानकारी के मुताबिक भारत अपनी टॉवर पोस्ट पर तैनात था। उसे कुछ आतंकियों की मूवमेंट नजर आई थी। ग्रेनेड हमले से घायल होने के बाद भारत यदुवंशी को इलाज हेतु नजदीकी फील्ड हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहाँ करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई।

भारत का छोटा भाई पुलवामा में है तैनात
बताया जा रहा है कि शहीद भारत यदुवंशी मप्र के छिंदवाड़ा के रोहनकला शंकरखेड़ा का रहने वाला है। राष्ट्रीय राइफल 41 सिग्नल रेजीमेंट में सिग्नल मेन के रूप में पदस्थ यदुवंशी पिछले महीने 15 दिन की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे, फिर 20 मई को उन्होंने वापस अपनी ड्यूटी ज्वाइन की थी। उनका 27 वर्षीय छोटा भाई नारद भी राष्ट्रीय राइफल 53 में तैनात है। वे जम्मू के पुलवामा में अपनी सेवाएं दे रहे है।

गांव में शोक की लहर, माँ का स्वास्थ्य बिगड़ा
29 वर्षीय भारत के शहीद होने की खबर से छिंदवाड़ा जिला शोक में डूब गया। गृह ग्राम में माँ को जब यह खबर लगी तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। भारत की पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी दो बेटी है। परिजनों के मुताबिक शहीद भारत का पार्थिव शरीर पहले नागपुर लाया जाएगा, फिर वहां से सम्मान के साथ सेना के जवान शव को गृह ग्राम पहुंचाएगे। जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ये भी पढ़े-सेल्फी के चक्कर में विश्वप्रसिद्द धुआंधार में 3 की जल-समाधि, युवती का शव मिला, दो लापता












Click it and Unblock the Notifications