Keir Starmer: कौन हैं कीर स्टारमर, जो ऋषि सुनक को हराकर अगले हफ्ते बन सकते हैं UK के प्रधानमंत्री?
Who is Keir Starmer: यूनाइटेड किंगडम में चुनावी दौड़ गरमा गई है, क्योंकि ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने 4 जुलाई को होने वाले चुनाव से पहले लेबर पार्टी के अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी कीर स्टारमर के साथ तीखी बहसबाजी की है।
यूनाइटेड किंगडम में 4 जुलाई को मतदान होने वाले हैं, जिसमें पूरी संभावना है, कि भारतीय मूल के ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी बुरी तरह से चुनाव हार जाएगी और विपक्षी लेबर पार्टी को इस चुनाव में बहुमत मिलने की संभावना है, और अगर वाकई ऐसा होता है, तो 61 साल के कीर स्टारमर अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

कीर स्टारमर बन सकते हैं अगले प्रधानमंत्री!
कीर स्टारमर ने आव्रजन, अर्थव्यवस्था और यूके में चल रहे बेटिंग घोटाले को लेकर ऋषि सुनक को निशाने पर ले रखा है, जिसने कंजर्वेटिव पार्टी को मुश्किल में डाल रखा है। हालांकि, जनमत सर्वेक्षणों में ऋषि सुनक से आगे होने के बावजूद, स्टारमर को बहुत 'रोबोट' दिखने और एक स्क्रिप्ट से चिपके रहने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा है, जबकि उनकी लेबर पार्टी को यहूदी विरोधी आरोपों का सामना करना पड़ा है।
स्टारमर और सुनक ने बहस में एक-दूसरे और उनकी पार्टियों के खिलाफ़ बेहद निजी हमले किए हैं, जिसमें लेबर पार्टी के नेता ने तर्क दिया, कि 14 साल से सत्ता में मौजूद कंजर्वेटिव पार्टी की "अराजकता" के बाद देश थक चुका है, और अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है, तो वह कई परिवारों की चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझेंगे, जिन्होंने बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत के संकट से जूझ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा, कि ऋषि सुनक आम ब्रिटेनवासियों की चिंताओं को समझने के लिए बहुत अमीर हैं।
कौन हैं कीर स्टारमर?
स्टारमर ने UK में विपक्षी नेता के रूप में चार साल बिताए हैं और अपनी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को वामपंथ से राजनीतिक मध्यमार्ग की ओर खींचा है। उन्होंने 14 साल बाद लेबर पार्टी की सरकार बनने पर, ब्रिटिश जनता को बदलाव का भरोसा दिलाया है, एक ऐसा बदलाव, जब लोग जीवन-यापन की लागत के संकट से जूझ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवा तक उनकी पहुंच मुश्किल हो रही है।
प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने 22 मई को चुनाव की घोषणा की थी, जिसके बाद स्टारमर ने कहा था, कि "लेबर पार्टी के लिए वोट, मतलब देश की स्थिरता के लिए वोट है - आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए वोट है।"

अगर जनमत सर्वेक्षणों में उनकी पार्टी की शानदार जीत की भविष्यवाणी सच साबित होती है, तो वे ब्रिटेन के पहले लेबर पार्टी के प्रधानमंत्री बन जाएंगे। हालांकि, 2021 में स्थानीय चुनाव में मिली करारी हार के बाद स्टारमर, लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा देने के बहुत करीब पहुंच गये थे।
1963 में जन्मे स्टारमर एक टूलमेकर और एक नर्स के बेटे हैं, जिन्होंने उनका नाम लेबर पार्टी के पहले नेता कीर हार्डी के नाम पर रखा था। वह चार बच्चों में से एक थे और उनका पालन-पोषण लंदन के बाहर एक छोटे से शहर में एक गरीब परिवार में हुआ था।
उन्होंने अपने चुनावी अभियान के दौरान कहा, कि "मुझे पता है कि बेकाबू मुद्रास्फीति कैसा महसूस होता है, कैसे बढ़ती जीवन-यापन की लागत आपको डराती है: क्या वह एक और बिल लाएंगे, जिसे हम वहन नहीं कर सकते?"
स्टारमर की मां, स्टिल्स रोग से पीड़ित थीं, जो एक पुरानी बीमारी है, जिससे उन्हें दर्द रहता था। स्टारमर ने कहा है, कि अस्पताल में उनसे मिलने और उनकी देखभाल करने में मदद करने से उन्हें राज्य द्वारा वित्तपोषित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के लिए मजबूत समर्थन बनाने में मदद मिली। कठिन परिस्थितियों के बावजूद, वह अपने परिवार के पहले सदस्य थे, जिन्होंने कॉलेज जाकर लीड्स यूनिवर्सिटी और ऑक्सफ़ोर्ड में कानून की पढ़ाई की।

लीगल कैरियर और राजनीतिक जीवन
स्टारमर ने 2008 और 2013 के बीच इंग्लैंड और वेल्स के लिए चीफ प्रॉसीक्यूटर नियुक्त होने से पहले मानवाधिकार कानून के लिए काम किया। उन्हें "वामपंथी लंदन वकील" के रूप में वर्णित किया गया था और क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस का नेतृत्व करने में उनकी भूमिका के लिए उन्हें नाइट की उपाधि दी गई थी।
स्टारमर अक्सर ऋषि सुनक के विपरीत अपनी साधारण परवरिश और भरोसेमंद साख को उजागर करते हैं, जबकि ऋषि सुनक एक पूर्व गोल्डमैन सैक्स बैंकर हैं और भारत के अरबपति कारोबारी नारायण मूर्ति की बेटी से विवाहित हैं।
उन्होंने 50 साल की उम्र में राजनीति में प्रवेश किया और 2015 में संसद के लिए चुने गए। वे पूर्व पार्टी नेता जेरेमी कॉर्बिन के अधीन काम करने के लिए सहमत हुए, हालांकि उनके साथ उनकी अक्सर बहस होती थी। कॉर्बिन के अधीन स्टारमर लेबर के ब्रेक्सिट प्रवक्ता बन गए, जिनके नेतृत्व में साल 2017 और 2019 में पार्टी को चुनाव में हार का सामना कराया। जिसके बाद कार्बिन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और स्टारमर को पार्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एक वरिष्ठ पार्टी सदस्य के मुताबिक, स्टारमर "एक सभ्य व्यक्ति हैं, भले ही वो थोड़े उबाऊ हैं।"
लेकिन, इस चुनाव में स्टारमर ने ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी की अंदरूनी लड़ाई पर हमला करके, अपनी पार्टी में अनुशासन बहाल करके, लेबर पार्टी को राजनीतिक केंद्र के करीब लाकर और आगामी चुनाव के लिए एक स्थिर अभियान चलाकर अपनी पार्टी के समर्थन को मजबूत किया है।
लेकिन, अगर लेबर पार्टी जीतती है, तो स्टारमर को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से किसी भी आने वाली सरकार की तुलना में सबसे खराब आर्थिक स्थिति वाली सरकार विरासत में मिलेगी और उनके लिए देश की अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाना काफी मुश्किल होगा।












Click it and Unblock the Notifications