कौन हैं 37 वर्षीय डेंटिस्ट कारिना शुलियाक? Jeffrey Epstein की 959 करोड़ की संपत्ति पर क्यों है उनका दावा
Jeffrey Epstein Property: दुनिया के सबसे कुख्यात यौन अपराधियों में गिने जाने वाले जेफ्री एपस्टीन की मौत को सात साल बीत चुके हैं, लेकिन उसकी अरबों रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद अब भी थमा नहीं है। अमेरिकी जांच एजेंसियों के नए दस्तावेजों में बेलारूस मूल की डेंटिस्ट डॉ. कारिना शुलियाक का नाम सबसे बड़ी दावेदार के तौर पर सामने आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक एपस्टीन ने अपनी वसीयत में उनके नाम करीब 959 करोड़ रुपये की संपत्ति और 33 कैरेट की हीरे की अंगूठी छोड़ी थी। दस्तावेजों में दोनों के निजी रिश्ते, आर्थिक लेनदेन और इमिग्रेशन से जुड़े कई नए खुलासे भी हुए हैं।

वसीयत में कारिना के नाम छोड़ी करोड़ों की संपत्ति
अमेरिकी जांच एजेंसियों के दस्तावेजों के मुताबिक जेफ्री एपस्टीन ने अपनी वसीयत में डॉ. कारिना शुलियाक के नाम करीब 959 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की थी। इसके अलावा 33 कैरेट की हीरे की एक अंगूठी भी उनके लिए छोड़ी गई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कारिना एपस्टीन की गर्लफ्रेंड थीं और मौत से एक दिन पहले उसने करीब 20 मिनट तक आखिरी फोन कॉल भी उन्हीं से की थी। इसी वजह से अब संपत्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
ये भी पढे़ं: Epstein Files: बिल गेट्स को ब्लैकमेल कर रहा था एपस्टीन, ऐसा क्या लगा था उसके हाथ? जांच और क्या चला पता?
दस्तावेजों से सामने आया 8 साल पुराना रिश्ता
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी लाखों पन्नों के रिकॉर्ड में एपस्टीन और कारिना शुलियाक के हजारों निजी ईमेल, तस्वीरें और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। इनसे दोनों के करीब आठ साल पुराने रिश्ते का खुलासा हुआ। रिकॉर्ड में कहीं भी कारिना ने खुद को एपस्टीन की पीड़िता नहीं बताया। न ही एफबीआई ने उनसे कभी पूछताछ की और न ही एपस्टीन की कथित पीड़िताओं की ओर से लड़ने वाले वकीलों ने उनका बयान दर्ज कराया।
डेंटिस्ट बनने का सपना, फिर एपस्टीन का साथ
मार्च 2011 में 21 वर्षीय कारिना शुलियाक की मुलाकात जेफ्री एपस्टीन से हुई थी। वह बेलारूस से स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका आई थीं और डेंटिस्ट बनने की पढ़ाई कर रही थीं। शुरुआती मुलाकातों में एपस्टीन ने उन्हें महंगे तोहफे दिए और पढ़ाई में आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। बाद में उसने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के डेंटल स्कूल में दाखिला दिलाने में मदद की और तीन साल की फीस भी भरने का फैसला किया। समय के साथ दोनों का रिश्ता और गहरा होता गया।
ग्रीन कार्ड के लिए कराई समलैंगिक शादी
जांच दस्तावेजों के अनुसार, स्टूडेंट वीजा खत्म होने के बाद कारिना के अमेरिका में रहने का रास्ता निकालने के लिए एपस्टीन ने 2013 में अपनी एक महिला कर्मचारी से उनकी समलैंगिक शादी कराई। उसका मानना था कि इससे ग्रीन कार्ड और बाद में अमेरिकी नागरिकता हासिल करना आसान होगा। बाद में डेमोक्रेट सांसदों ने आरोप लगाया कि यह शादी केवल कागजों पर थी और इमिग्रेशन सिस्टम का दुरुपयोग किया गया। 2018 में कारिना अमेरिकी नागरिक बनीं और एक साल बाद उनका तलाक हो गया।
ये भी पढे़ं: मंत्री हरदीप पुरी की बेटी और एपस्टीन विवाद: हाई कोर्ट सख्त—'24 घंटे में सब हटाओ', Himayani Puri क्या करती हैं?
मौत से पहले बदली वसीयत, फिर बढ़ा विवाद
जुलाई 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद एपस्टीन ने अपनी वसीयत में बदलाव किया था। दस्तावेजों के मुताबिक उसने अपनी उस समय की करीब 60 करोड़ डॉलर की संपत्ति का बड़ा हिस्सा कारिना शुलियाक के नाम करने की इच्छा जताई थी। अगले ही दिन 10 अगस्त 2019 को न्यूयॉर्क की जेल में वह मृत मिला, जिसे अधिकारियों ने आत्महत्या बताया। अब नई जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उसकी संपत्ति और वसीयत को लेकर विवाद फिर से चर्चा में आ गया है।


Click it and Unblock the Notifications
