भारत की बेटी को लेकर स्पेस के लिए रवाना हुआ VSS Unity, लॉन्च में इस वजह से हुई देरी
वॉशिंगटन, 11 जुलाई। 'रविवार, 11 जुलाई, 2021' इस तारीख को नोट करके जरूर रख लीजिए क्योंकि आने वाले दिनों में यह क्विज कम्पटीशन के महत्वपूर्ण सवालों में से एक होने वाला है, या फिर क्या पता 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन ही इस तारीख से जुड़ी महत्वपूर्ण घटना के बारे में पूछ लें। आपको बता दें कि 11 जुलाई की तारीख इसलिए खास हो गई है क्योंकि आज से ही स्पेस टूरिज्म के तहत अंतरिक्ष के लिए पहली उड़ान भरी गई है। ब्रिटिश कारोबारी रिचर्ड ब्रैन्सन और भारत की बेटी सिरिशा बांदला समेत आज 6 लोगों ने स्पेस के लिए उड़ान भरी।

लॉन्च में इस वजह से हुई देरी
रिचर्ड ब्रैसनन की कंपनी वर्जिन गेलेक्टिक ने अमेरिका में न्यू मैक्सिको के स्पेसपोर्ट से स्पेसशिप 'वीएसएस यूनिटी 22' को अंतरिक्ष के लिए रवाना किया, बता दें कि भारतीय समयानुसार वीएसएस यूनिटी 22 को शाम 6 बजे स्पेस के लिए रवाना होना था लेकिन न्यू मैक्सिको में मौसम खराब होने की वजह से लॉन्चिंग में डेढ़ घंटे की देरी हुई। हालांकि मौसम साफ होने के बाद चालक दल के सभी छह सदस्य अंतरिक्ष की यात्रा के लिए रवाना हो गए।

भारत की बेटी समेत 6 यात्री सवार
जानकारी के मुताबिक वीएसएस यूनिटी 22 ने न्यू मैक्सिको से रात 8.20 बजे स्पेस के लिए उड़ान भरी। भारतीय समयानुसार स्पेसशिप को रात 8 बजे अंतरिक्ष के लिए अपने 6 यात्रियों को लेकर रवाना हुआ। आपको बता दें कि 'यूनिटी 22' मिशन वीएसएस यूनिटी के लिए 22वां उड़ान परीक्षण है और कंपनी का चौथा क्रू स्पेसफ्लाइट है। ह कंपनी के संस्थापक सहित केबिन में दो पायलटों और चार मिशन विशेषज्ञों के पूरे दल को ले जाने वाला पहला स्पेसशिप है।

स्पेस में पहुंचते ही रॉकेट से अलग हो जाएगा स्पेसशिप
करीब 50,000 फीट यानी 15 किमी ऊपर जाने के बाद VSS यूनिटी अपने स्पेसशिप से अलग हो जाएगा और अपने इंजन को स्टार्ट करेगा। रॉकेट इंजन अलग होने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों को 4 मिनट तक वेटलेसनेस महसूस होगी, यहां से पृथ्वी गोल नजर आएगी। यात्री जहाज की 17 खिड़कियों से पृथ्वी की सुंदरता को अंतरिक्ष से निहार पाएंगे। ये यात्रा कुछ मिनटों तक चलेगी इसके बाद जहाज पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करेगा और स्पेसपोर्ट अमेरिका में लैंडिंग स्ट्रिप पर लौट आएगा।

20 जुलाई को स्पेस यात्रा करेंगे जेफ बेजोस
आपको बता दें कि स्पेश यात्रा की इस होड़ में अमेजन कंपनी के संस्थापक जेफ बेजोस भी शामिर हैं, लेकिन उनसे पहले ही अंतरिक्ष यात्रा पर जाने की बात कहकर ब्रैनसन ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया था। 20 जुलाई को जेफ बेजोस भी स्पेस की यात्रा कर सकते हैं। बता दें कि वीएसएस यूनिटी एक प्राइवेट जेट के आकार का स्पेसक्राफ्ट है, जिससे आने वाले दिनों में चुने हुए यात्रियों को भी अंतरिक्ष में भेजा जा सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक करीब 600 टिकट पहले ही 60 अलग-अलग देशों के लोगों को बेचे जा चुके हैं, जिसमें हॉलीवुड की हस्तियां भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: VIDEO: अंतरिक्ष में सभी देशों को चुनौती दे रहा चीन, बनाया खुद का स्टेशन, दो एस्ट्रोनॉट ने किया स्पेस वॉक












Click it and Unblock the Notifications