बाइडेन को अमेरिकी संसद से बहुत बड़ा झटका, इजराइल-यूक्रेन की मदद के लिए नहीं दिया फंड, जानिए असर
World News: रूस के खिलाफ युद्ध लड़ रहे यूक्रेन और गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ युद्ध में शामिल इजराइल को बहुत बड़ा झटका लगा है, क्योंकि राष्ट्रपति जो बाइडेन का प्रशासन इन देशों को और मदद पहुंचाने के लिए अमेरिकी संसद से मंजूरी लेने में नाकाम हो गया है।
अमेरिकी संसद ने इन दोनों देशों को और मदद पहुंचाने के लिए और फंड देने से इनकार कर दिया है, जो राष्ट्रपति जो बाइडेन के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। रिपब्लिकन पार्टी ने मदद पहुंचाने के लिए बाइडेन प्रशासन को अभी तक जो समर्थन दे रखी थी, उसने अब समर्थन वापस ले लिया है।

इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी कांग्रेस से 'हिम्मत दिखाने' का आग्रह किया था। बाइडेन ने रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों से 'रीढ़ की हड्डी पर खड़े होने' की अपील करते हुए मदद के लिए डोनाल्ड ट्रंप के सामने खड़े होने की अपील की थी, लेकिन उनके इस अपील के फौरन बाद रिपब्लिकन पार्टी ने समर्थन वापस ले लिया।
व्हाइट हाउस में डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति बाइडेन की टिप्पणी के कुछ ही मिनट बाद ही, सीनेट रिपब्लिकन नेता मिच मैककोनेल संसद में लंच से बाहर आए और स्वीकार किया, कि समझौता समाप्त हो गया है।
यूक्रेन-इजराइल को बड़ा झटका
केंटुकी से रिपब्लिकन सांसद मिच मैककोनेल ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे और हमारे अधिकांश सदस्यों को ऐसा लगता है, कि हमारे पास यहां कानून बनाने का कोई वास्तविक मौका नहीं है।"
माना जा रहा है, कि रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से समर्थन वापस लिया जाना, पार्टी में डोनाल्ड ट्रंप के फिर से मजबूत होने का असर है, क्योंकि करीब करीब तय हो चुका है, कि डोनाल्ड ट्रंप ही फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे और पार्टी का एक बड़ा हिस्सा आंख मूंदकर उनका समर्थन कर रहा है।
इसके अलावा, बाइडेन प्रशासन की विदेश नीति ने भी ज्यादातर अमेरिकियों को नाराज कर दिया है। अमेरिका को मिडिल ईस्ट में फिर से लड़ाई लड़नी पड़ रही है और यूक्रेन युद्ध अब तीसरे साल में प्रवेश करने वाला है, जबकि गाजा पट्टी में इजराइली हमला लगातार जारी है।
यूक्रेन में हथियार नहीं भेज रहा पेंटागन
वहीं, पैसों की कमी की वजह से पेंटागन ने यूक्रेन को हथियार भेजना बंद कर दिया है, जहां युद्ध तीसरे साल में प्रवेश करने वाला है। यूक्रेन गोला-बारूद और सैन्य कर्मियों की कमी से जूझ रहा है, जबकि रूस आक्रामक है और लगातार हमले कर रहा है।
बाइडेन ने कहा है, कि "यूक्रेन को नई सहायता के बिना गुजरने वाले हर हफ्ते, हर महीने का मतलब है, कम तोपखाने के गोले, कम वायु रक्षा प्रणालियां, यूक्रेन के लिए इस रूसी हमले के खिलाफ खुद का बचाव करने के लिए कम उपकरण।" उन्होंने कहा, कि ये हाल बिल्कुल वैसा ही है, "जो पुतिन चाहते हैं।"
यूक्रेन को 60 अरब डॉलर की युद्ध सहायता रोकने के अलावा अमेरिकी संसद ने यूएस-मेक्सिको सीमा पर अवैध क्रॉसिंग को रोकने के लिए भी पैसे देने से इनकार कर दिया है, जिसके लिए पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही थी।
अमेरिकी कांग्रेस में 'दुनिया की मदद' के लिए जो विधेयक लाया गया था, इसका मकसद दुनिया भर में अमेरिकी ताकत का प्रदर्शन करना था और इससे इज़राइल, एशिया में अन्य अमेरिकी सहयोगियों, अमेरिकी आव्रजन प्रणाली और गाजा और यूक्रेन में नागरिकों के लिए मानवीय सहायता के लिए अरबों डॉलर से ज्यादा की मदद भेजी जाती, लेकिन कांग्रेस ने बाइडेन की इस कोशिश को फेल कर दिया है।
रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से इस मसौदे को मानने से इनकार करने के बाद, राष्ट्रपति बाइडेन और सीनेट नेता, अब कांग्रेस के माध्यम से यूक्रेन के लिए सहायता आगे बढ़ाने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं मिलने की वजह से फंस गए हैं। वे ट्रम्प के नेतृत्व वाले कंजर्वेटिव के विरोध की दीवार में फंस गए हैं - जो सीमा प्रस्ताव को अपर्याप्त बताते हैं और यूक्रेन की फंडिंग को बेकार बताते हुए आलोचना करते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप बार बार यूक्रेन को मिलने वाली अरबों डॉलर की मदद को बेकार बताकर आलोचना करते रहे हैं।
इजराइल की फंडिंग को झटका
मंगलवार को यूक्रेन और इज़राइल के लिए युद्धकालीन सहायता के बारे में पूछे जाने पर सीनेट रिपब्लिकन नेता मिच मैककोनेल ने संवाददाताओं से कहा, "हमें इन उपायों और इन मुद्दों से स्वतंत्र रूप से और अलग से निपटना होगा।"
अमेरिकी कांग्रेस ने मंगलवार रात को इजराइल के लिए सैन्य सहायता के 17.6 अरब डॉलर के अलग पैकेज को भी पारित नहीं होने दिया। कट्टरपंथी रूढ़िवादियों ने विधेयक का विरोध किया, क्योंकि अन्य क्षेत्रों में बजट कटौती से फंडिंग की भरपाई नहीं होगी।
अमेरिकी संसद में बिल पास नहीं होने का असर जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ के साथ बाइडेन की शुक्रवार की होने वाली बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा समझौते की कमी प्रमुख रूप से दिखाई देगी। बाइडेन ने स्कोल्ज़ को यह रेखांकित करने की योजना बनाई है, कि वह यूक्रेन को लगभग दो साल पुराने रूसी आक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक धन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अब वो ऐसा दावा नहीं कर पाएंगे।
रिपब्लिकन नेता मैककोनेल ने पहले कहा था, कि यूरोप, मध्य पूर्व और एशिया में अमेरिकी ताकत का दावा करना आवश्यक है, फिर भी उन्होंने प्रतिद्वंद्वी शक्तियों की धमकियों का जल्द जवाब नहीं देने के लिए बाइडेन को दोषी ठहराया था। मैककोनेल ने कहा, "या तो हम स्पष्ट रणनीति और दृढ़ संकल्प के साथ चुनौतियों का सामना करते हैं या हम हार जाते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications