IPL 2026 के 5 ऐसे गुमनाम हीरो, जिन्होंने खामोशी से पलट दिया अपनी टीमों के लिए पूरा सीजन
IPL 2026: आईपीएल 2026 का सीजन अपने चरम पर है और अंक तालिका में आरसीबी, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स की टीमें टॉप चार की जंग में सबसे आगे चल रही हैं। जब भी इन टीमों की जीत की बात होती है, तो विराट कोहली, अभिषेक शर्मा, क्लासेन और प्रभसिमरन जैसे नाम हेडलाइंस में छा जाते हैं।
कई टीमों में ऐसे नाम भी हैं, जिनका प्रदर्शन निरंतर रहा है और टीम की सफलता में योगदान भी अहम रहा है लेकिन चर्चा नहीं होती। तारीफ मिलने के हकदार वे हैं लेकिन ऐसा नहीं हो पाता। सर्वाधिक रन और विकेट वाले प्लेयर्स के शोर-शराबे के बीच इन अनसंग स्टार्स के बारे में जानना जरूरी है। इस आर्टिकल में ऐसे पांच प्लेयर्स के बारे में बताया गया है, जिन्होंने चुपचाप अपना काम किया है।

कूपर कॉनोली- पंजाब किंग्स के छुपे रुस्तम
कूपर कॉनोली ने इस सीजन के 12 मैचों में 436 रन बनाए हैं, जहां उनका औसत 48.44 और स्ट्राइक रेट 162.08 का रहा है। पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी में जब भी चर्चा होती है, तो फैंस का ध्यान श्रेयस अय्यर या प्रभसिमरन सिंह पर जाता है। लेकिन पंजाब को टॉप चार में बनाए रखने का असली काम इस युवा विदेशी खिलाड़ी ने किया है। कॉनोली ने इस सीजन में निचले और मध्य क्रम में आकर न सिर्फ शानदार औसत से रन बनाए हैं, बल्कि उनका बेहतरीन स्ट्राइक रेट यह बताता है कि उन्होंने मुश्किल मौकों पर आकर मैच का पासा पलटा है। इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107 रन रहा है, जो किसी भी बड़े खिलाड़ी को टक्कर देने के लिए काफी है।
ईशान किशन- साइलेंट किलर
सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी का मतलब लोग सिर्फ ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन के छक्के समझते हैं। यही वजह है कि ईशान किशन का इस सीजन का सबसे खतरनाक रूप लोगों की नजरों से थोड़ा छिप गया। ईशान किशन ने इस सीजन के 12 मैचों में 35 के औसत और 185.84 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 420 रन बनाए हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस सीजन में खुद ट्रेविस हेड के 361 रनों से ज्यादा रन ईशान किशन के बल्ले से निकले हैं। सबसे खास बात यह है कि किशन ने यह रन किसी एंकर की तरह नहीं, बल्कि विध्वंसक स्ट्राइक रेट के साथ बनाए हैं।
देवदत्त पडिक्कल- आरसीबी के नए इम्पैक्ट किंग
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टेबल पर राज कर रही है और जब आरसीबी जीतती है तो सुर्खियां विराट कोहली या रजत पाटीदार बटोरते हैं। लेकिन इस सीजन में मिडिल ऑर्डर में आकर आरसीबी के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं देवदत्त पडिक्कल, जिन्होंने 12 मैचों में 36.70 के औसत और 172.30 के स्ट्राइक रेट से 367 रन जोड़े हैं। पडिक्कल को आमतौर पर एक क्लासिक और धीमा खेलने वाला बल्लेबाज माना जाता था, लेकिन इस सीजन में उन्होंने अपने खेल को पूरी तरह बदल दिया है। उनके इन रनों ने आरसीबी के मिडिल ऑर्डर को वो आक्रामकता दी है, जिसकी टीम को सालों से तलाश थी। बिना किसी बड़े ड्रामे या शोर के पडिक्कल आरसीबी के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बनकर उभरे हैं।
ईशान मलिंगा- बल्लेबाजों के बीच गेंदबाजी का हीरो
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में जिस तरह का काम ईशान मलिंगा ने किया है, उसका शोर बहुत कम देखा गया है। इस सीजन उनकी गेंदबाजी ने हैदराबाद के प्रदर्शन में चार चाँद लगाने का काम किया है। 12 मैचों में उन्होंने 16 विकेट लेकर धमाका किया है। जिस सीजन में गेदबाजों से ज्यादा बल्लेबाजों की चर्चा हो रही है, वहां मलिंगा ने सफलता के झंडे गाड़े हैं। उन्होंने पारी में एक बार 4 विकेट लेने का कारनामा भी किया है। बल्लेबाजों की तरह हैदराबाद की सफलता में उनका बड़ा रोल रहा है।
जेसन होल्डर- कम मैचों में किया बड़ा धमाका
गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी को राशिद खान लीड कर रहे हैं लेकिन उनके पीछे जेसल होल्डर का प्रदर्शन कहीं न कहीं छिप गया है। उनके बारे में चर्चा करना इसलिए जरूरी है क्योंकि सिर्फ 6 मैचों में ही उन्होंने 13 विकेट लेने का कारनामा कर डाला। एक बार उन्होंने 4 विकेट झटके हैं। कम मैच खेलकर वह इतना बड़ा धमाल मचा गए लेकिन उनका नाम तक कहीं देखने को नहीं मिल रहा। कोई चर्चा भी नहीं हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications