T20 World Cup के लिए पाकिस्तान टीम का हो गया ऐलान, इस दिन होगी भारत और पाक के बीच कांटे की टक्कर?
Women T20 World Cup Pakistan Squad: यूनाइटेड किंगडम (UK) में 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी 15 सदस्यीय मजबूत टीम का ऐलान कर दिया है। युवा ऑलराउंडर फातिमा सना को टीम की कमान सौंपी गई है। टूर्नामेंट के शेड्यूल के मुताबिक पाकिस्तान की टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा।
ग्रुप-1 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ पाकिस्तान (Women T20 World Cup Pakistan Squad)
टूर्नामेंट के प्रारूप के तहत पाकिस्तान को ग्रुप-1 में रखा गया है। इस ग्रुप में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका और क्वालीफायर के जरिए आई दो टीमें नीदरलैंड और बांग्लादेश शामिल हैं। ग्रुप की मजबूती को देखते हुए पाकिस्तान के लिए नॉकआउट चरण की राह बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाली है। ऐसे में भारत के खिलाफ होने वाला पहला मुकाबला काफी अहम हो जाता है।

5 नए चेहरों को मिला वर्ल्ड कप डेब्यू का मौका
पाकिस्तानी चयनकर्ताओं ने इस बार टीम में बड़ा बदलाव करते हुए युवाओं पर भरोसा जताया है। घोषित 15 सदस्यीय टीम में पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो अपने करियर का पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। इनमें ऐमन फातिमा, नतालिया परवेज, रामीन शमीम, सायरा जबीं और तस्मिया रुबाब के नाम शामिल हैं। बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम की जिम्मेदारी गुल फिरोजा पर होगी, जिन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में दो शतक लगाए थे। उनके साथ मुनीबा अली और आयशा जफर पारी की शुरुआत को मजबूती देंगी।
स्पिन गेंदबाजों से होगी उम्मीदें
मध्यक्रम को संभालने का जिम्मा नतालिया परवेज, इरम जावेद और अनुभवी आलिया रियाज पर रहेगा। टीम मैनेजमेंट ने यूके की परिस्थितियों को देखते हुए स्पिन-हेवी (स्पिन गेंदबाजों की अधिकता) आक्रमण को प्राथमिकता दी है। स्पिन विभाग का नेतृत्व सादिया इकबाल, नशरा संधू, तूबा हसन और रामीन शमीम करेंगी। वहीं, तेज गेंदबाजी की कमान खुद कप्तान फातिमा सना, डायना बेग और तस्मिया रुबाब संभालेंगी।
वर्ल्ड कप से पहले ट्राई-सीरीज खेलेगी टीम
विश्व कप की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए पाकिस्तान की महिला टीम मुख्य टूर्नामेंट से ठीक पहले आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ एक ट्राई सीरीज में हिस्सा लेगी। इससे टीम को इंग्लैंड की परिस्थितियों में ढलने का पर्याप्त मौका मिलेगा।
पाकिस्तान का पूरा शेड्यूल
बनाम भारत: 14 जून, बर्मिंघम (शाम 7:00 बजे)
बनाम दक्षिण अफ्रीका: 17 जून, बर्मिंघम (रात 11:00 बजे)
बनाम बांग्लादेश: 20 जून, साउथेम्प्टन (शाम 7:00 बजे)
बनाम ऑस्ट्रेलिया: 23 जून, लीड्स (रात 11:00 बजे)
बनाम नीदरलैंड: 27 जून, ब्रिस्टल (शाम 7:00 बजे)
विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय पाकिस्तानी टीम
फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, ऐमन फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीं, मुनीबा अली, तूबा हसन, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, नशरा संधू, डायना बेग, तस्मिया रुबाब।















Click it and Unblock the Notifications