US election 2024: इलेक्टोरेल कॉलेज, संसद, स्विंग स्टेट, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर सारे कठिन सवालों के जवाब
US Presidential Election 2024: संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए 5 नवंबर को होने वाले चुनाव में लगभग 186.5 मिलियन अमेरिकी मतदान करने के योग्य हैं। राष्ट्रपति पद की दौड़ ही एकमात्र ऐसी दौड़ नहीं है, जिसमें मतदान होना है, बल्कि अमेरिकी, विभिन्न संघीय, राज्य और स्थानीय पदों को भरने के लिए भी अपने नेताओं का चुनाव करेंगे।
संघीय चुनावों में, अमेरिकी मतदाता राष्ट्रपति और अमेरिकी कांग्रेस के दो सदनों, प्रतिनिधि सभा और सीनेट के सदस्यों का चुनाव करेंगे।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (The US House of Representatives)
अमेरिका के 50 राज्यों के मतदाता, प्रतिनिधि सभा के सदस्यों का चुनाव करेंगे। कुल 435 सीटें हैं और प्रत्येक सीट पर हर दो साल में चुनाव होता है।
प्रत्येक राज्य के आवंटित सदन के सदस्यों की संख्या उसकी जनसंख्या के आधार पर निर्धारित होती है, इसलिए यदि किसी राज्य की जनगणना में निवासियों की संख्या कम होती है, तो सदन में उस राज्य की सीटें कम हो जाती हैं और अगर जनसंख्या बढ़ जाती हैं, तो सीटें बढ़ जाती हैं।
प्रतिनिधि सभा के छह गैर-मतदान सदस्य हैं (प्यूर्टो रिको के मामले में उन्हें प्रतिनिधि या निवासी आयुक्त कहा जाता है) जो अमेरिकी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके पास कानून पर मतदान का अधिकार नहीं होता है, लेकिन उनके पास सदन के विशेषाधिकार हैं और वे सदन के कुछ अन्य कार्यों में भाग ले सकते हैं।
प्रतिनिधि सभा के छह गैर-मतदान सदस्य
डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया
प्यूर्टो रिको
अमेरिकन समोआ
गुआम
उत्तरी मारियाना द्वीप
यूएस वर्जिन द्वीप
प्रतिनिधि हर दो साल में चुने जाते हैं, जैसा कि सदन के बाकी हिस्सों में होता है, सिवाय प्यूर्टो रिको के, जिसके प्रतिनिधि हर चार साल में चुने जाते हैं।
अमेरिकी सीनेट (US Senate)
इस साल सीनेट की 33 सीटें भी खाली हैं, जो 100 सीटों वाली इस संस्था की लगभग एक तिहाई हैं, और एक सीट का फैसला विशेष चुनाव में होगा।
सीनेट में, प्रत्येक राज्य को दो-दो सीटें होने के कारण समान प्रतिनिधित्व मिलता है। यह प्रतिनिधि सभा की तरह इसकी जनसंख्या के आकार पर निर्भर नहीं है। वर्तमान सीनेट में, 49 सीनेटर रिपब्लिकन पार्टी के हैं, जबकि 47 डेमोक्रेटिक पार्टी के और चार स्वतंत्र हैं, जो डेमोक्रेट के साथ मिलकर काम करते हैं।
फिलहाल चार स्वतंत्र सीनेटर्स के नाम हैं-
वर्मोंट से बर्नी सैंडर्स
मेन से एंगस किंग
वेस्ट वर्जीनिया से जो मैनचिन
एरिज़ोना से किर्स्टन सिनेमा
उपराष्ट्रपति, अमेरिकी सीनेट के अध्यक्ष होते हैं। उनकी भूमिका में सीनेट के सत्रों की अध्यक्षता करना और टाईब्रेकर वोट डालना शामिल है। कानून पर मतदान के अलावा, ऊपरी सदन को कैबिनेट सदस्यों, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, अन्य संघीय न्यायाधीशों और राजदूतों की राष्ट्रपति द्वारा की गई नियुक्तियों की पुष्टि करनी होती है।
फिलहाल, आठ सीनेट सीटों पर चुनाव होना है, जिसके लिए काफी कड़ी टक्कर देखी जा रही है। ये आठी सीटे हैं-
मोंटाना, विस्कॉन्सिन, ओहियो, नेवादा, पेंसिल्वेनिया, मिशिगन, एरिज़ोना और टेक्सास।
इन आठ सीटों में से सात पर फिलहाल डेमोक्रेट्स का कब्जा है। रिपब्लिकन के कब्जे में सिर्फ एक सीट है। इसलिए माना जा रहा है, कि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी के पास मौजूद 7 सीटों में से कुछ सीटें रिपब्लिकन पार्टी जीत लेती हैं, तो सीनेट में उसके पास काफी मजबूत बहुमत हो जाएगा।
अमेरिका में संसद का काम कानून पास करना होता और जिस पार्टी के पास बहुमत होता है, वो आसानी से कानून पास करवा सकती है। बहुमत वाली पार्टी, किसी भी आने वाले राष्ट्रपति के एजेंडे को बढ़ावा दे सकती है या उनके किसी प्लान को रोक सकती है।
गवर्नर की रेस
11 राज्यों और दो क्षेत्रों - प्यूर्टो रिको और अमेरिकी समोआ - के मतदाता भी गवर्नर का चुनाव करेंगे। ये आठ राज्य हैं- अमेरिकी समोआ, डेलावेयर, इंडियाना, मिसौरी, मोंटाना, न्यू हैम्पशायर, उत्तरी कैरोलिना, उत्तरी डकोटा, प्यूर्टो रिको, यूटा, वर्मोंट, वाशिंगटन और पश्चिम वर्जीनिया।
इलेक्टोरल कॉलेज क्या है?
अमेरिका में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का चुनाव सीधे मतदाताओं द्वारा नहीं किया जाता है। जब मतदाता अपने मतपत्र पर इन पदों के लिए अपनी पसंद बनाते हैं, तो वे वास्तव में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए निर्वाचकों के एक समूह के लिए मतदान कर रहे होते हैं। मतों की गिनती और प्रमाणन के बाद, ये निर्वाचक राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए मतदान करते हैं।
असल में इलेक्टोरल कॉलेज से तय होता है, कि राष्ट्रपति कौन बनेगा।
ये इलेक्टर्स दिसंबर में इलेक्टोरल कॉलेज की बैठक के दौरान राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के लिए निर्णायक वोट डालते हैं। इस साल, यह 17 दिसंबर को मतदान होगा।
48 राज्यों में, सबसे ज्यादा वोट पाने वाला राष्ट्रपति उम्मीदवार, उस राज्य के सभी इलेक्टर्स को जीत लेता है, लेकिन मेन और नेब्रास्का में, 'विजेता के खाते में सभी सीट' पद्धति लागू नहीं होती है।
ये दोनों राज्य अपने इलेक्टर्स को एक ज्यादा जटिल प्रणाली के आधार पर आवंटित करते हैं, जो राज्य और कांग्रेस के जिला स्तरों पर लोकप्रिय वोट को दर्शाता है। इसलिए, उनके इलेक्टोरल कॉलेज के वोट विभाजित हो सकते हैं।
प्रत्येक राज्य में इलेक्टर्स की संख्या, उसके सदन के सदस्यों की संख्या के बराबर होती है, साथ ही प्रत्येक राज्य से दो अमेरिकी सीनेटरों की संख्या भी तय होती है।
उदाहरण के लिए, कैलिफ़ोर्निया को 54 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिलते हैं। यह उसके दो सीनेटरों और 52 सदन सदस्यों के बराबर है।
कुल 538 इलेक्टर्स हैं: 50 राज्यों से 535 इलेक्टर्स और कोलंबिया जिले से तीन, जो संघीय राजधानी है और कोई राज्य नहीं है।
चुनावों से पहले, प्रत्येक राज्य में राजनीतिक दल अपने इलेक्टर्स का चयन करते हैं। इलेक्टर्स लगभग हमेशा पार्टी के पदाधिकारी या समर्थक होते हैं। इस प्रणाली के तहत, लोकप्रिय वोट जीतने वाला उम्मीदवार वास्तव में व्हाइट हाउस नहीं जीत सकता है। यानि, 5 नवंबर को होने वाले चुनाव में जिस उम्मीदवार को सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं, वो विजेता नहीं होगा, बल्कि असली विजेता का फैसला 17 नवंबर को इलेक्टोरेल कॉलेज की वोटिंग में होगी।
इसका सबसे ताजा उदाहरण 2016 में देखने को मिला, जब डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने लोकप्रिय वोट जीत लिया था, लेकिन रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप से इलेक्टोरल कॉलेज वोट हार गईं। उनकी जीत उन प्रमुख स्विंग राज्यों में जीत से प्रेरित थी, जिनके बारे में पोल ने भविष्यवाणी की थी, कि वे क्लिंटन के पक्ष में जाएंगे: पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन।
2016 की तरह "विश्वासघाती मतदाता" भी हो सकते हैं, जब सात इलेक्टर्स ने राज्य के वोट जीतने वाले उम्मीदवार के बजाय दूसरे उम्मीदवार के लिए अपना वोट डाला था।
पाँच इलेक्टर्स ने हिलेरी क्लिंटन के साथ विश्वासघात किया था, जबकि दो इलेक्टर्स ने डोनाल्ड ट्रंप से। डेमोक्रेटिक इलेक्टर्स में से एक ने क्लिंटन के बजाय सीनेटर बर्नी सैंडर्स को वोट कर दिया था।
2020 में सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले ने इस विचार को खारिज कर दिया, कि इलेक्टर्स अपनी पार्टी द्वारा समर्थित उम्मीदवार के लिए विवेक के आधार पर वोट करने का फैसला कर सकते हैं। अदालत ने वाशिंगटन और कोलोराडो की अदालतों का पक्ष लिया, जिन्होंने 'विश्वासघाती मतदाताओं' पर दंड लगाया था।'
स्विंग स्टेट कौन कौन से हैं?
अमेरिका के 40 से ज्यादा राज्यों में पहले से ही मतदाताओं के झुकाव से तय होता है, कि वो राज्य किस उम्मीदवार के पक्ष में जाएंगे, जिससे उनके चुनावी नतीजे लगभग निश्चित हो गए हैं।
लेकिन हर चार साल में कई राज्य दो मुख्य राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देते हैं। इन्हें बैटलग्राउंड स्टेट, स्विंग स्टेट या टॉस-अप स्टेट के नाम से जाना जाता है। उम्मीदवार अपने चुनाव अभियान को इन राज्यों पर केंद्रित कर देते हैं।
चुनाव विश्लेषक उन राज्यों को बैटलग्राउंड मानते हैं, जब जनमत सर्वेक्षणों में उन राज्यों में जीत का अंतर 5 प्रतिशत से कम दिखाया जाता है।
2024 के चुनावों के नतीजे तय करने वाले सात बैटलग्राउंड राज्य ये हैं:-
एरिजोना - 11 इलेक्टोरल वोट
जॉर्जिया - 16 इलेक्टोरल वोट
मिशिगन - 15 इलेक्टोरल वोट
नेवादा - छह इलेक्टोरल वोट
नॉर्थ कैरोलिना - 16 इलेक्टोरल वोट
पेंसिल्वेनिया - 19 इलेक्टोरल वोट
विस्कॉन्सिन - 10 इलेक्टोरल वोट
25 राज्यों में प्रारंभिक मतदान शुरू हो चुका है। इनमें से यूटा, वर्मोंट और वाशिंगटन में केवल मेल-इन प्रारंभिक मतदान है।
सोमवार तक, 42.9 मिलियन से ज्यादा अमेरिकियों ने पहले ही व्यक्तिगत रूप से प्रारंभिक मतदान या मेल के माध्यम से अपने मतपत्र डाल दिए थे। FiveThirtyEight वेबसाइट द्वारा संकलित राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षणों के औसत के अनुसार, कमला हैरिस रविवार तक 1.4 प्रतिशत अंकों से आगे हैं।
पोल के अनुसार, स्विंग स्टेट में राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला और भी कड़ा है। विस्कॉन्सिन, नेवादा, पेनसिल्वेनिया और मिशिगन में डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस लगभग बराबरी पर हैं। नॉर्थ कैरोलिना में ट्रंप एक अंक से आगे हैं। पूर्व राष्ट्रपति जॉर्जिया और एरिजोना में भी आगे हैं, लेकिन ट्रंप और कमला हैरिस के बीच का अंतर, पोल के लिए त्रुटि के मार्जिन के भीतर है।
अमेरिकी चुनाव में कितना मतदान होता है?
हाल के चुनावों में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए मतदाता मतदान 60 प्रतिशत के आसपास रहा है। 2016 में, 60.1 प्रतिशत पात्र मतदाता मतदान करने आए, जो 2012 में 58.6 प्रतिशत से ज्यादा था, लेकिन 2008 में 61.6 प्रतिशत से कम था।
2020 के राष्ट्रपति चुनाव में 66.6 प्रतिशत के साथ एक सदी से भी ज्यादा समय में सबसे अधिक मतदाता मतदान हुआ। कड़े मुकाबले वाले चुनाव में, जो बाडेन ने 81,283,501 वोटों के साथ अमेरिकी इतिहास में किसी भी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए सबसे ज्यादा वोटों के साथ चुनाव जीता था और ट्रंप को 74,223,975 वोट मिले थे, जो किसी भी रिपब्लिकन उम्मीदवार के लिए सबसे ज्यादा है। COVID-19 महामारी के दौरान हुए चुनाव में, 100 मिलियन से ज्यादा लोगों - कुल मतदाताओं के दो-तिहाई लोगों ने जल्दी मतदान किया था।












Click it and Unblock the Notifications