US Audio Leak: ट्रंप के सांसद का ऑडियो लीक, भारत के खिलाफ क्या चल रही JD Vance की साजिश?
US Audio Leak: एक्सिओस की 25 जनवरी, 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सीनेटर टेड क्रूज़ (रिपब्लिकन-टेक्सास) की कुछ गुप्त रिकॉर्डिंग सामने आई हैं। इन रिकॉर्डिंग्स में क्रूज़ को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की आलोचना करते हुए सुना गया है। ये बातचीत निजी डोनर्स के साथ हुई बैठकों की है, लेकिन लीक होते ही वॉशिंगटन के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। अमेरिकी सीनेटर टेड क्रूज के लीक हुए ऑडियो टेप से यह संकेत मिला है कि भारत -अमेरिका समझौते में देरी की असली वजह क्या है। इस ऑडियो में क्रूज ने सीधे तौर पर कुछ ताकतवर लोगों को भारत-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का जिम्मेदार बताया है।
जेडी वेंस पर सीधा हमला
रिकॉर्डिंग में टेड क्रूज़ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को लेकर काफी तीखी टिप्पणी करते दिखते हैं। उन्होंने एक दानदाता बैठक में कहा कि जेडी वेंस मशहूर कंजरवेटिव टीवी होस्ट टकर कार्लसन के "प्रोटेग" यानी उनके संरक्षण में पले-बढ़े नेता हैं। क्रूज़ के शब्दों में कहें तो- "टकर ने जेडी को नेता बनाया। जेडी टकर के प्रोटेग हैं, और वे दोनों जिस तरह से काम करते हैं उन्हें अलग नहीं किया जा सकता।" इस टेप में क्रूज ने व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भारत के साथ व्यापार समझौते को पटरी से उतारने का मुख्य कारण बताया है।

टकर कार्लसन पर भी गंभीर आरोप
क्रूज़ यहीं नहीं रुके। उन्होंने टकर कार्लसन पर यहूदी-विरोधी विचारों को बढ़ावा देने और अमेरिका के विरोधियों का समर्थन करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक, जेडी वेंस की विदेश नीति सोच सीधे-सीधे कार्लसन की विचारधारा से जुड़ी हुई है। यानी वेंस के अंतरराष्ट्रीय नजरिए को स्वतंत्र नहीं, बल्कि टकर कार्लसन की सोच का विस्तार माना जा रहा है।
नवारो और जेडी वेंस पर सीधे आरोप
लीक रिकॉर्डिंग में टेड क्रूज साफ तौर पर कहते हैं कि पीटर नवारो और जेडी वेंस भारत के साथ ट्रेड डील के सबसे बड़े विरोधी रहे हैं। उनके मुताबिक, इन दोनों की वजह से व्हाइट हाउस के भीतर भारत के पक्ष में बन रही सहमति बार-बार टूटती रही और समझौता आगे नहीं बढ़ पाया।
ट्रंप की नीतियों पर भी उठे सवाल
क्रूज ने इस बातचीत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देरी के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि वह खुद भारत के साथ इस अहम ट्रेड डील को पूरा कराने के लिए व्हाइट हाउस से लगातार संघर्ष कर रहे थे। एक डोनर के सवाल पर उन्होंने साफ-साफ नवारो, जेडी वेंस और ट्रंप का नाम लिया, जो इस समझौते का विरोध कर रहे थे।
ट्रंप की टैरिफ नीति का मज़ाक
रिकॉर्डिंग में डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक नीतियां भी निशाने पर हैं। टेड क्रूज़ ने ट्रंप द्वारा टैरिफ नीति को "लिबरेशन डे" कहे जाने का खुले तौर पर मज़ाक उड़ाया। उन्होंने अपने स्टाफ से कहा कि अगर कोई भी इस तरह की भाषा इस्तेमाल करता है, तो उसे "तुरंत नौकरी से निकाल दिया जाएगा।" क्रूज़ के मुताबिक- "हम ऐसी भाषा इस्तेमाल नहीं करते।"
ट्रंप को दी गई कड़ी चेतावनी
रिकॉर्डिंग में एक निजी बहस का भी खुलासा हुआ है, जहां टेड क्रूज़ ने सीधे राष्ट्रपति ट्रंप को उनकी टैरिफ नीतियों के खतरनाक नतीजों के बारे में चेतावनी दी थी। क्रूज़ ने कहा था कि अगर नवंबर 2026 तक हालात ऐसे रहे कि लोगों के 401(k) रिटायरमेंट अकाउंट 30% गिर जाएं और सुपरमार्केट की कीमतें 10-20% तक बढ़ जाएं, तो चुनावी नतीजे तबाही जैसे होंगे।
चुनावी 'रक्तपात' की भविष्यवाणी
क्रूज़ ने ट्रंप से साफ शब्दों में कहा था- "मिस्टर प्रेसिडेंट, उस स्थिति में चुनाव के दिन एक रक्तपात होगा। आप हाउस हार जाएंगे, आप सीनेट हार जाएंगे और अगले दो साल हर हफ्ते महाभियोग का सामना करेंगे।" जिसके बाद ट्रंप ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। यह बयान दिखाता है कि क्रूज़ ट्रंप की नीतियों को पार्टी और लोकतंत्र-दोनों के लिए जोखिम मानते हैं।
ट्रंप का गुस्से भरा जवाब
रिकॉर्डिंग के मुताबिक, टेड क्रूज़ की इस चेतावनी पर राष्ट्रपति ट्रंप का जवाब बेहद आक्रामक था। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा- "F*** You, टेड।" यह प्रतिक्रिया दोनों नेताओं के बीच मौजूद तनाव और अंदरूनी टकराव को साफ दिखाती है।
2028 की तैयारी के संकेत?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये लीक हुई टिप्पणियां टेड क्रूज़ की 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी का संकेत हो सकती हैं। वे खुद को "क्लासिकल फ्री-ट्रेड" समर्थक और हस्तक्षेपवादी रिपब्लिकन विचारधारा के साथ जोड़ते दिख रहे हैं, जो ट्रंप की "अमेरिका फर्स्ट" नीति से अलग दिशा में जाती है।
सार्वजनिक वफादारी, निजी संदेह
इन रिकॉर्डिंग्स ने टेड क्रूज़ की सार्वजनिक और निजी छवि के बीच बड़ा फर्क उजागर कर दिया है। सार्वजनिक तौर पर वे सीनेट में ट्रंप के सबसे मजबूत समर्थकों में गिने जाते हैं, लेकिन निजी बैठकों में वे प्रशासन की आर्थिक और विदेश नीति को लेकर गहरे संदेह जताते नजर आते हैं। यह खुलासा रिपब्लिकन पार्टी के भीतर चल रहे आंतरिक संघर्ष को भी सामने लाता है।
भारत के लिए क्या?
इस रिकॉर्डिंग में भारत के लिए सीधा तो कुछ नहीं है लेकिन यदि वाकई में जेडी वेंस टकर कार्लसन के प्रोटेग हैं तो यह चिंताजनक है। क्योंकि अप्रैल 2025 में जेडी भारत दौरे पर थे और उन्हें रेड कार्पेट वेलकम मिला था वो भी परिवार के साथ। साथ ही टकर कार्लसन की छवि एक भारत विरोधी शख्स की है, जिसका असर जेडी वेंस के फैसलों पर पड़ सकता है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications