Raushan Anand Bail: भाई के अंतिम संस्कार से पहले रौशन आनंद को मिली जमानत, 12 दिन बाद जेल से आएंगे बाहर
Raushan Anand Granted Bail in Khan Sir Coaching Controversy: खान सर से जुड़े चर्चित कोचिंग विवाद मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को बड़ी राहत मिली है। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उन्हें जमानत दे दी, जिसके बाद वे करीब 12 दिन बाद जेल से बाहर आ सकेंगे। इससे पहले इस मामले में दो बार सुनवाई टल चुकी थी, जिससे केस को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी हुई थी और सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी थीं।
रौशन आनंद को खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े विवाद और कथित हमले के मामले में गिरफ्तार कर बेउर जेल भेजा गया था। वहीं इसी बीच उनके परिवार से जुड़ी एक दुखद घटना भी सामने आई है, जहां उनके भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत हो गई, जिसका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

3 जून को हुई थी गिरफ्तारी
इस पूरे मामले की शुरुआत 2 जून की रात पटना के कदमकुआं इलाके से हुई थी, जब खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि इसी दौरान कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई और पोस्टर-बैनर भी फाड़ दिए गए।
ये भी पढ़ें: Prince Yadav Death Reason: कैसे हुई रौशन आनंद के भाई की मौत? शुरूआती जांच में क्या वजह आई सामने?
अगले दिन यानी 3 जून को पुलिस ने रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तभी से वे बेउर जेल में बंद थे और केस की आगे की कार्रवाई चल रही थी।
कोर्ट में टलती रही सुनवाई
जमानत याचिका पर सुनवाई कई बार टली, जिससे मामला और लंबा खिंचता गया। दो बार अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी थी और इस दौरान कोर्ट ने केस डायरी और पुलिस रिपोर्ट भी मांगी थी। इसी वजह से सभी की नजरें इस फैसले पर बनी हुई थीं कि रौशन आनंद को राहत मिलेगी या नहीं। आखिरकार अदालत ने उनकी जमानत स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके बाहर आने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
फायरिंग केस में खान सर का नाम
इस विवाद में एक और बड़ा मोड़ तब आया जब फायरिंग से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। इसी दौरान खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर का नाम भी केस में सामने आया और उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं लगाई थीं, हालांकि बाद में खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें फायरिंग और हंगामे के दावे किए गए। इन वीडियो को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए, जिससे मामला और उलझ गया।
नेपाल में भाई की संदिग्ध मौत
इसी पूरे विवाद के बीच रौशन आनंद के परिवार से जुड़ी एक बड़ी दुखद खबर सामने आई। उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रिंस भी इस मामले में नामजद आरोपी थे और एफआईआर के बाद से फरार चल रहे थे। नेपाल पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि परिवार के लिए यह समय और भी मुश्किल बन गया है। प्रिंस का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। इसमें शामिल हाेने के लिए रौशन आनंद सहरसा जाएंगे।
ये भी पढ़ें: 'पैसे दे कर कपिल शर्मा शो में गए', खान सर के बारे में किसने बताई अंदर की बात? वीडियो हुआ वायरल












Click it and Unblock the Notifications