Video: काबुल एयरपोर्ट पर अमेरिकी विमान के पहियों में लटके लोग, उंचाई से गिरकर 2 लोगों की मौत
काबुल, अगस्त 16: अफगानिस्तान में तालिबान की दहशत के चलते लोग हर हाल में देश छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस वक्त काबुल एयरपोर्ट की दहला देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो काबुल एयरपोर्ट के पास का ही बताया जा रहा है। वीडियो में टेकऑफ कर रहे विमान से दो लोग गिरते दिख रहे हैं।बताया गया कि यह लोग अमेरिकी विमान सी-17 विमान पर लटक कर जाना चाह रहे थे।

विमान के पहिए पर कुछ लोग बैठे
सोशल मीड़िया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें काबुल एयरपोर्ट से निकले एक विमान के पहिए पर कुछ लोग बैठे दिख रहे हैं। इसके बाद वीडियो में विमान काबुल एयरपोर्ट की इमारत के ऊपर से टेकऑफ करता हुआ नजर आता है। थोड़ी ऊंचाई पर पहुंचते ही विमान से एक के बाद एक दो लोग नीचे गिरते हैं। बताया जा रहा है कि उंचाई से गिरने के चलते 2 लोगों की मौत हो गई है।

2 युवक लोगों के घरों के ऊपर गिरे
हालांकि आधिकारिक रूप से अभी वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है। एक स्थानीय न्यूज एजेंसी ने लोगों के हवाले से दावा किया कि तीन लोग विमान से गिरे। अस्वाका न्यूज़ एजेंसी के अनुसार काबुल एयरपोर्ट के पास स्थानीय लोगों का दावा है कि एक हवाई जहाज के टायरों में खुद को कस कर पकड़े हुए 2 युवक लोगों के घरों के ऊपर गिर गए। स्थानीय लोगों में से एक ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इन लोगों के गिरने से जोर का और भयानक शोर हुआ।
एयर पोर्ट पर हर ओर अफरा-तफरी मची हुई है
टोलो न्यूज ने इसे अपने ट्विटर हैंडल से भी एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में लोग टेक ऑफ कर रहे प्लेन के नीचे भागते नजर आ रहे हैं। एयर पोर्ट पर हर ओर अफरा-तफरी मची हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों की भारी भीड़ एयरपोर्ट की ओर भाग रही है। वहीं, कुछ वीडियो में देखा गया है कि लोग एक-दूसरे पर चढ़ते हुए विमान तक जाने का प्रयास कर रहे हैं।
काबुल के हवाई अड्डे में फायरिंग
इससे पहले काबुल के हवाई अड्डे में फायरिंग हुई है और कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। पूरे अफगानिस्तान के एयरस्पेस को ही बंद कर दिया गया है। इसके चलते भारत के उन लोगों को भी झटका लगा है, जो अफगानिस्तान से निकलकर वतन वापस लौटना चाहते हैं। काबुल एयरपोर्ट का नियंत्रण अमेरिकी सैनिकों के हाथों में हैं। वहीं, इस मामले पर अमेरिकी अधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications