Alaska में हुए पुतिन-ट्रम्प की बातचीत पर भारत का आया बयान, जानिए विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
Trump Putin Alaska Meeting India Reacion: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई ऐतिहासिक मुलाकात पर पूरी दुनिया की नज़रें टिकी रहीं। करीब तीन घंटे चली इस बहुप्रतीक्षित बैठक से यूक्रेन संघर्ष के समाधान की उम्मीदें तो जगीं, लेकिन किसी ठोस समझौते की घोषणा नहीं हो सकी। बातचीत बंद कमरे में हुई, जिसके चलते चर्चाओं का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया। पुतिन ने आगे की वार्ता के लिए मॉस्को में नई बैठक का प्रस्ताव रखा है।
वही इस बैठक के बाद भारत की ओर से बयान दिया गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा है कि, "भारत अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच समिट बैठक का स्वागत करता है।

दुनिया यूक्रेन में संघर्ष का अंत देखना चाहती- भारतीय विदेश मंत्रालय
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच समिट बैठक का स्वागत करता है। शांति की दिशा में उनका नेतृत्व अत्यंत सराहनीय है। भारत समिट में हुई प्रगति की सराहना करता है। आगे का रास्ता केवल बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है। दुनिया यूक्रेन में संघर्ष का शीघ्र अंत देखना चाहती है।'
हमारी बैठक बेहद सकारात्मक रही- ट्रंप
करीब 3 घंटे चली इस अहम बैठक का केंद्रबिंदु यूक्रेन जंग रहा। हालांकि, लंबी चर्चा के बावजूद किसी ठोस शांति समझौते का ऐलान नहीं हुआ। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने सिर्फ 12 मिनट की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें पत्रकारों के सवाल लेने से परहेज़ किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रम्प ने कहा, 'हमारी बैठक बेहद सकारात्मक रही। कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन अभी कोई डील नहीं हुई। समझौता तभी होगा जब वह अंतिम रूप लेगा।' ट्रम्प ने इस मुलाकात को 10 में से 10 अंक दिए।
ये भी पढ़ें भारत पर अतिरिक्त अमेरिकी टैरिफ होंगे खत्म? Alaska में Putin के साथ बैठक के बाद Trump ने क्या कहा?
रूस की सुरक्षा सर्वोपरि- पुतिन
पुतिन ने अपनी प्राथमिकता साफ करते हुए कहा कि उनके लिए रूस की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने अगली बैठक मॉस्को में करने का प्रस्ताव भी रखा। बयान देने के बाद दोनों नेता बिना सवाल लिए मंच से चले गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
इधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से डेढ़ घंटे लंबी बातचीत हुई। जेलेंस्की 18 अगस्त को वॉशिंगटन डी.सी. जाकर ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन हर हाल में शांति स्थापित करने के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें Alaska Melania Trump Letter to Putin: डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने पुतिन को दिया लेटर, क्या लिखा था?












Click it and Unblock the Notifications