'हमारे यूथ बिगड़ रहे हैं...', तालिबान ने मनोरंजन का आखिरी जरिया भी छीना, बैन किया ये 'गंदा ऐप'
तालिबान ने कहा कि इस ऐप पर गंदी सामग्री पोस्ट होती है, इसलिए हम इसे बैन करेंगे।
काबुल, 22 अप्रैल: पिछले साल अगस्त के महीने में अफगानिस्तान की सत्ता हासिल करने के बाद से ही तालिबान लगातार देश में नए-नए नियम लागू कर रहा है। हाल ही में तालिबान सरकार ने फरमान जारी करते हुए स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों के टाई पहने पर रोक लगाई। इससे कुछ दिन दिन पहले ही तालिबान ने महिलाओं के अकेले हवाई सफर करने पर प्रतिबंध लगाया था। अब तालिबान सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के पीछे तालिबान ने वजह बताई है कि वो अपने देश के युवाओं को भटकने और अपना समय खराब करने से रोकना चाहता है।

'टिकटॉक पर गंदी सामग्री पोस्ट होती है'
दरअसल तालिबान सरकार ने अफगानिस्तान में टिकटॉक और चर्चित वीडियो गेम ऐप पबजी पर बैन लगाने का फैसला लिया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने एक बयान जारी करते हुए बताया, 'सरकार ने संचार मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वीडियो ऐप टिकटॉक को बैन किया जाए, क्योंकि ये ऐप युवा पीढ़ी को गुमराह कर रहा है। सरकार ने अपने निर्देश में कहा है कि टिकटॉक पर गंदी सामग्री और कार्यक्रम पोस्ट होते हैं।'

'पबजी देश के युवाओं का समय बर्बाद करता है'
तालिबान सरकार के प्रवक्ता इनामुल्लाह समांगनी ने बताया, 'टिकटॉक पर जिस तरह की गंदी सामग्री पोस्ट होती है, वो इस्लामी कानून में स्वीकार नहीं है। इसके अलावा वीडियो गेम ऐप पबजी देश के युवाओं का समय बर्बाद करता है, इसलिए इसे भी बैन करने का फैसला लिया गया है। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को इंटरनेट सर्वर से इन दोनों ऐप को हटाने के निर्देश दे दिए हैं, ताकि अफगानिस्तान में इन्हें कोई इस्तेमाल ना कर सके।'

तालिबान सरकार में पहली बार बैन ऐप
आपको बता दें कि अगस्त में सत्ता हासिल करने के बाद से ऐसा पहली बार है, जब तालिबान ने किसी ऐप को अफगानिस्तान में प्रतिबंधित किया है। बताया जा रहा है कि मनोरंजन के सभी साधनों पर बैन लगने के बाद अफगानिस्तान में युवाओं के बीच टिकटॉक को लेकर क्रेज बढ़ा था, जिसके चलते तालिबान सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पहले तालिबान सरकार ऐसे कई साधनों को बैन कर चुकी है, जो इस्लामी कानून में स्वीकार नहीं हैं।

कार में म्यूजिक और महिलाओं का अकेले सफर भी बैन
हालांकि, अफगानिस्तान की सत्ता हासिल करने के बाद तालिबान ने वादा किया था कि वो नागरिकों के प्रति नियमों में नरम रुख अपनाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पिछले दिनों ही तालिबान ने दो बड़े फरमान जारी किए। पहले प्रतिबंध के तहत कार में ड्राइवरों के म्यूजिक बजाने पर रोक लगाई गई। वहीं, दूसरे प्रतिबंध के अंतर्गत फरमान जारी किया गया कि महिलाएं अपने परिवार के किसी पुरुष सदस्य को साथ लिए बिना 45 मील से ज्यादा की दूरी की यात्रा नहीं कर सकतीं।
ये भी पढ़ें- 'टैलेंट नहीं, खूबसूरती की वजह से टीम में हो', कमेंट पर महिला फुटबॉलर ने दिया मुंहतोड़ जवाब
महिला पत्रकारों को हिजाब पहनना जरूरी
इसके पहले तालिबान सरकार ने एक बड़े फैसले के तहत टेलीविजन चैनलों पर उन सीरियलों और फिल्मों को दिखाने पर प्रतिबंध लगाया था, जिनमें महिलाएं मुख्य या विशेष भूमिका में हैं। साथ ही आदेश जारी किया कि महिला पत्रकारों को न्यूज पेश करते समय हिजाब पहनना होगा। इसके अलावा लड़कियों के माध्यमिक शिक्षा हासिल करने पर भी रोक लग चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications