Syria rebel war explained: इस्लामिक ग्रुप हयात तहरीर अल-शाम क्या है, जिसने सीरिया के अलेप्पो पर किया कब्जा?
Aleppo Syria rebel war explained: सीरिया का हयात तहरीर अल-शाम (HTS) एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि अलेप्पो में विद्रोहियों के नए हमले ने सरकारी बलों को पीछे धकेल दिया है। बशर अल-असद की सरकारी सेना ने HTS के नेतृत्व वाले लड़ाकों के अचानक हमले में काफी जमीन खो दी है।
HTS ने अलेप्पो में कई गांवों और सैन्य प्रतिष्ठानों पर नियंत्रण कर लिया है, जो दमिश्क से लगभग 350 किलोमीटर दूर स्थित है।

पहले से ही अस्थिर मध्य पूर्व में, सीरिया में अशांति और गोलीबारी की खबरें वापस आना निश्चित तौर पर पूरी दुनिया के लिए बुरी खबर है। जैसे-जैसे ये संघर्ष बढ़ता जा रहा है, सीरिया के एक बार फिर से गृहयुद्ध में फंसने की आशंका गहरा गई है और अब पूरी दुनिया का ध्यान फिर से एचटीएस पर है, जो कभी आतंकवादी समूह अल-कायदा से जुड़ा हुआ था।
आइये इस्लामिक संगठन हयात तहरीर अल-शाम के बारे में जानते हैं, जो सीरिया में ताजा हिंसा के पीछे मुख्य विद्रोही लड़ाकू बल है।
सीरिया के हयात तहरीर अल-शाम विद्रोही बल क्या है?
अमेरिकी विदेश विभाग ने 2018 में हयात तहरीर अल-शाम (HTS) को विदेशी आतंकवादी संगठनों (FTO) की सूची में शामिल किया था। सीरियाई गृहयुद्ध के शुरुआती दिनों से अस्तित्व में आया HTS, अल-कायदा से संबद्ध जबात अल-नुसरा का एक अंग है।
हयात तहरीर अल-शाम का अंग्रेज़ी में मतलब है "लेवेंट की मुक्ति के लिए संगठन"। इदलिब से चलने वाले इस संगठन ने अपने चरम पर सीरिया के अलेप्पो, हमा, डेरा और दमिश्क में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई है। सशस्त्र संघर्ष स्थान और घटना डेटा (ACLED) के मुताबिक, हयात तहरीर अल-शाम उत्तर-पश्चिमी सीरिया में सबसे शक्तिशाली सरकार विरोधी सशस्त्र समूह बना हुआ है।

HTS का नेतृत्व कौन करता है? इजरायल क्यों चिंता कर रहा है?
शुरुआत में, इस संगठन को फारस की खाड़ी के समर्थकों से भारी भरकम फंड मिलता था। नियंत्रण वाले क्षेत्रों में भारी भरकम टैक्स लगाकर भी ये काफी फंड जुटाता रहा है।
2017 में, सलाफी-जिहादी विचारधारा से प्रेरित समूह, खुले तौर पर अल-कायदा से अलग हो गया और वर्तमान में इसका नेतृत्व अबू मोहम्मद अल-गोलानी कर रहा है। अमेरिका स्थित सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुसार, विभाजन के बावजूद, एचटीएस, सिद्धांत के लिहाज से, अल-कायदा के साथ एक गुप्त संबंध रखता है और इस्लामी आतंकवादी संगठन से रणनीतिक और ऑपरेशनल गाइडेंस हासिल करता है।
मुहम्मद अल-जवलानी और मुहम्मद अल-जुलानी के नाम से भी जाने जाने वाले 42 वर्षीय इस व्यक्ति ने HTS के साथ विलय से पहले अल-नुसराह फ्रंट (ANF) का नेतृत्व किया था। 16 मई 2013 को, अमेरिकी विदेश विभाग ने सीरिया में नागरिकों को निशाना बनाकर कई आतंकवादी हमले करने के लिए अल-जवलानी को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी के रूप में नामित किया था।
HTS: "स्थानीय" लक्ष्यों वाला एक इस्लामी संगठन
HTS और अल-कायदा के बीच मुख्य अंतर यह है, कि अल-कायदा के विपरीत, एचटीएस ने हाल के दिनों में दुनिया भर में इस्लामी खिलाफत स्थापित करने के सपने से खुद को अलग रखा है। यानि, इसका मकसद पूरी दुनिया में इस्लामिक शासन स्थापित करना नहीं है, इसलिए कई देश इसे एक बड़ा खतरा नहीं मानते हैं।
इस संगठन का आखिरी मकसद सीरिया में इस्लामी शासन की स्थापना और देश से ईरानी मिलिशिया को बाहर निकालना है। CSIS का कहना है, कि असद सरकार को गिराना "आधुनिक" एचटीएस का मुख्य मकसद बना हुआ है, जबकि अबू अल-जोलानी ने अतीत में "इस भावना के साथ... हम न केवल दमिश्क पहुंचेंगे, बल्कि, अल्लाह की अनुमति से, यरुशलम हमारे आने का इंतजार कर रहा होगा" जैसे बयान दिए हैं।
जो बताता है, कि जायोनी विचारधारा और यहूदी राज्य इजराइल, ज्यादातर आतंकी संगठनों की तरह ही इस आतंकी संगठन के भी निशाने पर है। यानि, अगर ये संगठन मजबूत होता है, तो इजराइल खुद को असुरक्षित महसूस करेगा।

सीरियाई क्षेत्रों पर HTS का कंट्रोल
2017 में सीरियाई साल्वेशन गवर्नमेंट (SSG) का गठन किया गया, जो स्वतंत्र और HTS से जुड़े टेक्नोक्रेट से बना एक यूनिट है, जो HTS के गवर्नेंस विंग के रूप में काम करता है। SSG के माध्यम से, HTS अलग अलग मानवीय सेवाओं का प्रबंधन करता है और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करता है और खाद्य सहायता कार्यक्रम चलाता है।
अल-शाम बैंक और वाटाड कंपनी के माध्यम से तेल क्षेत्र पर नियंत्रण के माध्यम से अर्थव्यवस्था पर भी इसका एकाधिकार है। ACLED रिपोर्ट का दावा किया गया है, कि SSG ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में खुद को वास्तविक प्रशासनिक प्राधिकरण के रूप में स्थापित किया है और तुर्की के साथ बाब अल-हवा सीमा पार को नियंत्रित करता है, जिसके माध्यम से मानवीय सहायता प्रवाहित होती है, जिस पर उत्तर-पश्चिमी सीरिया में रहने वाले चार मिलियन लोगों में से 90% लोग निर्भर हैं।
HTS ने हाल के वर्षों में इस सिद्धांत को मजबूती से आगे बढ़ाया है, कि यह "एक स्वतंत्र इकाई है जो किसी संगठन या पार्टी, अल-कायदा या अन्य आतंकी संगठनों को फोलो नहीं करती है"। एचटीएस नेतृत्व ने अपने स्वतंत्र अस्तित्व को साबित करने के लिए अपने क्षेत्रों में अल-कायदा से जुड़े व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया है। फिर भी, पश्चिम के पास यह मानने के कारण हैं, कि दोनों समूहों के बीच गुप्त संबंध मौजूद हैं और इसके नेतृत्व के साथ बातचीत करने से इनकार कर दिया।

Hayat Tahrir al-Sham today: अलेप्पो युद्ध और इसकी ताकत
मार्च 2020 में रूस-तुर्की के बीच हुए युद्धविराम समझौते ने विद्रोही गुटों के खिलाफ सीरियाई सरकार के हमलों को खत्म कर दिया। इसने HTS और उसके कट्टर सहयोगी अल-फ़तह अल-मुबीन ऑपरेशन रूम को फिर से संगठित होने का मौका दिया। अमेरिकी रिपोर्ट बताती है, कि 2022 से सीरियाई सेना दोनों समूहों द्वारा लगातार हमलों का सामना कर रही है। अपने गढ़ों में सरकारी सैनिकों को निशाना बनाने के लिए स्नाइपर फायर HTS लड़ाकों की आम रणनीति रही है, और इन लगातार झड़पों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
अक्टूबर 2018 तक HTS के पास 12,000 से 15,000 आतंकवादियों की लड़ाकू सेना थी। और फिलहाल इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है, कि नए हमले से पहले इसने कितने नए लड़ाकों की भर्ती की है। बताया जाता है, कि हाल ही में हुए हमले में एचटीएस को तुर्की समर्थित कई गुटों का समर्थन हासिल है। हालांकि इनमें से कई समूह एक-दूसरे को नापसंद करते हैं, लेकिन असद के प्रति आपसी नफरत के कारण वे 'सीरियन नेशनल आर्मी' के तहत एक साथ आ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications