14 साल में E-mail का ‘आविष्कार’, अब Twitter का CEO बनना चाहते हैं शिवा, Elon Musk से पूछा तरीका
शिवा अय्यदुरई से पहले दुनिया के सबसे अधिक चर्चित यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट ने इस पद को लेकर अपनी दिलचस्पी दिखाते हुए एलन मस्क ने पूछा था- क्या वे ट्विटर के नए सीईओ बन सकते हैं?

Image: Twitter
ट्विटर के नए बॉस एलन मस्क ने हाल में ही अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोल कराया था और पूछा था कि क्या उन्हे सीईओ पद छोड़ देना चाहिए? इस पोल पर अधिकांश लोगों ने एलन मस्क के ट्विटर सीईओ पद छोड़ देने के पक्ष में वोट किया था। इसके बाद एलन मस्क ने कहा कि वे सीईओ पद के लिए एक योग्य की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही इस पद को छोड़ देंगे। अब एक भारतवंशी ने ट्विटर CEO का पद संभालने की इच्छा व्यक्त है।

एलन मस्क से पूछा आवेदन का तरीका
‘ईमेल के आविष्कारक' और MIT PhD डॉ. शिवा अय्यदुरई ने ट्विटर का नया CEO बनने की इच्छा व्यक्त की है। भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक शिवा अय्यदुरई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। एलन मस्क को टैग करके उन्होंने लिखा कि वे ट्विटर के CEO पद को हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, मेरे पास MIT की कुल 4 डिग्री है और मैंने अब तक कुल 7 हाईटेक सॉफ्टवेयर कंपनियों को खड़ा किया है। आगे आप मुझे इस पद के आवेदन का प्रोसेस बताएं।
एलन मस्क ने अब तक नहीं दी प्रतिक्रिया
शिवा के इस पोस्ट कई सारे लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने टेक इंडस्ट्री में उनकी उपलब्धियों और अनुभव की प्रशंसा की है। हालांकि, कुछ लोगों ने उनके वास्तव में ट्विटर के CEO बनने की संभावनाओं पर संदेह व्यक्त किया है। एलन मस्क ने अब तक शिवा अय्यदुरई के इस पोस्ट पर कोई जवाब नहीं दिया है। अब यह देखना होगा कि अय्यादुरई के इस ट्वीट पर आगे ट्विटर की ओर से कोई कार्रवाई होती है, या नहीं।

ईमेल आविष्कार को लेकर है विवाद
आपको बता दें कि आधिकारिक रूप से ईमेल का आविष्कार रे टॉमलिंसन नाम के एक कम्प्यूटर इंजीनियर को माना जाता है। रे टॉमलिंसन को इंटरनेट के शुरुआती संस्करण पर काम करने वाला माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि वे 1971 से ही इसपर काम कर रहे थे लेकिन शिवा अय्यदुरई इस दावे को झुठलाते हैं। वह कहते हैं कि वे ऐसे पहले शख्स थे जिन्होंने 1970 के दशक के अंत में महज 14 साल की उम्र में ईमेल का आविष्कार किया था। कई पत्रिकाओं ने भी शिवा अय्यदुरई के दावे का समर्थन किया है।

सपनों की जिंदगी जीने वाले अय्युदुरई
वी.ए. शिवा अय्यदुरई ने एक दिलचस्प जीवन व्यतीत किया है। उनके पास MIT से चार डिग्रियां हैं। शिवा ने 1990 के दशक में प्रौद्योगिकी कंपनी मिलेनियम साइबरनेटिक्स की स्थापना की थी। इसके बाद उन्होंने ईमेल उद्योग पर किताबें लिखीं। इतना ही नहीं वे दो बार अमेरिकी सीनेट की दौड़ में भी रहे। इसके साथ ही शिवा का नाम एक बार चर्चित अभिनेत्री फ्रैन ड्रेशर के साथ भी जुड़ा था। अय्यादुरई यह भी कहते हैं कि वे ईमेल के असली आविष्कारक हैं, और उन्हें इसका समर्थन करने के लिए डॉट-कॉम डोमेन मिला है।

मिस्टर बीस्ट ने जताई थी दिलचस्पी
शिवा अय्यदुरई से पहले दुनिया के सबसे अधिक चर्चित यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट ने इस पद को लेकर अपनी दिलचस्पी दिखाते हुए एलन मस्क ने पूछा था- क्या वे ट्विटर के नए सीईओ बन सकते हैं? उन्होंने 24 साल के यूट्यूबर को जवाब देते हुए लिखा, 'इस बारे में सोचने में कोई हर्ज नहीं है।' आपको बता दें कि एलन मस्क बड़ी ही शिद्दत से ट्विटर CEO की तलाश कर रहे हैं। उनका दावा है कि इस पद पर सिर्फ वही आदमी काम कर सकता है, जिसे दर्द से मोहब्बत है।












Click it and Unblock the Notifications