Shamim Mafi Arrest: शमीम माफी कौन? अमेरिका ने क्यों किया गिरफ्तार और क्या है इनका ईरान से कनेक्शन?
Shamim Mafi Arrest: लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर हाल ही में हुई एक गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा हलकों में हड़कंप मचा दिया है। 44 वर्षीय ईरानी महिला, शमीम माफी, जो 2016 से अमेरिका की स्थायी निवासी (Green Card Holder) हैं, उन्हें ईरान और सूडान के बीच हथियारों की दलाली के गंभीर आरोपों में पकड़ा गया है।
उन पर आरोप है कि उन्होंने ड्रोन और बमों की तस्करी के जरिए लाखों डॉलर कमाए। यह मामला इसलिए भी बड़ा है क्योंकि इसमें सीधे तौर पर ईरानी खुफिया एजेंसियों और सूडानी सेना के बीच अवैध सौदों की बात सामने आई है।

कौन हैं शमीम माफी?
शमीम माफी एक ईरानी नागरिक हैं जो लंबे समय से अमेरिका में रह रही थीं। जांच के मुताबिक, वह ओमान में 'एटलस इंटरनेशनल बिजनेस' नाम की एक कंपनी चलाती थीं। दिखावे के लिए यह एक बिजनेस फर्म थी, लेकिन पर्दे के पीछे इसका इस्तेमाल हथियारों के अवैध लेन-देन के लिए किया जाता था। अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि माफी दिसंबर 2022 से जून 2025 तक लगातार ईरानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में थीं और वहीं से निर्देश ले रही थीं।
क्यों हुई गिरफ्तारी?
माफी की गिरफ्तारी का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन और हथियारों की तस्करी है। एफबीआई ने उन्हें लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट (LAX) पर उस समय दबोचा जब वे टर्मिनल से बाहर निकल रही थीं। उन पर आरोप है कि उन्होंने ईरान निर्मित घातक हथियारों को सूडान तक पहुँचाने में बिचौलिए की भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के दौरान भारी मात्रा में कैश और डिजिटल सबूत मिलने की भी खबर है, जो उनके तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि करते हैं।
ये भी पढ़ें: Iran vs America: 'होर्मुज हमारा है, हमारा ही रहेगा', ईरान ने दी अमेरिका को खुली चुनौती, अब क्या करेंगे ट्रंप
ईरान और सूडान से क्या है कनेक्शन?
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, माफी ने ईरान के मोहजर-6 सशस्त्र ड्रोन, 55,000 बम फ्यूज और लाखों राउंड गोला-बारूद सूडान के रक्षा मंत्रालय को बेचने की डील करवाई थी। इस पूरे खेल में उनकी कंपनी को 2025 में ही 70 लाख डॉलर (करीब 58 करोड़ रुपये) से ज्यादा का भुगतान मिला। ईरान इन हथियारों के जरिए अफ्रीकी देशों में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता था और माफी इसमें एक अहम कड़ी के रूप में काम कर रही थीं।
ये भी पढे़ं: Iran Vs America War: भारतीय जहाजों पर हुए हमले के सवाल पर भड़के ट्रंप, महिला पत्रकार को निकाला बाहर
कितनी हो सकती है सजा?
अमेरिकी कानूनों के तहत, विदेशी देशों के बीच अवैध हथियारों की दलाली और तस्करी करना एक संगीन अपराध है। यदि शमीम माफी पर लगे ये आरोप कोर्ट में साबित हो जाते हैं, तो उन्हें अधिकतम 20 साल तक की जेल हो सकती है। फिलहाल उन्हें लॉस एंजिल्स की जिला अदालत में पेश किया गया है। अमेरिकी अटॉर्नी का कहना है कि यह गिरफ्तारी उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो अमेरिकी जमीन का इस्तेमाल वैश्विक सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications