श्रीलंका में 2 लाख के करीब पहुंचे 10 ग्राम सोने के दाम, दो वक्त की रोटी के लिए लोग बेच रहे हैं अपना सोना
कोलंबो, अप्रैल 09। श्रीलंका में आया आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसकी वजह से अब वहां के स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में लोगों को अब अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए अपनी सेविंग्स और गोल्ड तक बेचना पड़ रहा है।

श्रीलंका में सोने की कीमत
यह तस्वीरें राजधानी कोलंबो की हैं, जहां लोग अपनी जरूरतों के लिए सोना तक बेचने के लिए मजबूर हैं। इस वजह से 22 कैरेट शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 1,85,000 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं 24 कैरेट में 10 ग्राम गोल्ड 1,95,000 में बिक रहा है। दुकानदारों का कहना है कि कुछ लोगों के पास बुनियादी खर्चों के लिए पैसे नहीं हैं, इसलिए वे सोना बेच रहे हैं।

क्या कहना है व्यापारियों का?
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलंबो के सबसे बड़े और सबसे प्रसिद्ध कोलंबो गोल्ड सेंटर में गोल्ड के मालिकों का कहना है कि उनके देश में अब स्थिति वाकई बहुत दयनीय हो चुकी है और इसीलिए लोग अब अपने दैनिक खर्चों को पूरा करने केलिए सोना बेच रहे हैं। यहां सोने की खरीद करने वाले एक व्यापारी ने बताया कि हमने श्रीलंका में इस तरह का संकट कभी नहीं देखा है। विक्रेता खरीदारों से ज्यादा हैं क्योंकि श्रीलंका की मुद्रा ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गई है।

डॉलर के मुकाबले गिरी श्रीलंकाई करेंसी
आपको बता दें कि श्रीलंका की करेंसी इस वक्त दुनिया में अभी तक के सबसे अधिक निचले स्तर पर है। श्रीलंकाई रुपया शनिवार को आधिकारिक तौर पर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 315 तक कम हो गया। इसकी वजह से सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव होने लगा। लोग सोना बेचने के लिए इसलिए मजबूर हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना है।












Click it and Unblock the Notifications