Maldives News: 9 कैबिनेट मंत्रियों के साथ भारत पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू, क्या बेलऑउट पैकेज मिलेगा?
Maldives President Mohamed Muizzu has arrived in India with nine cabinet ministers to seek a relief package amid an economic crisis. This visit aims to strengthen bilateral ties between India and the Maldives.
Maldives News: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पांच दिनों के दौरे पर भारत पहुंच गये हैं, जहां वो प्रधानमंत्री मोदी के साथ सोमवार को होने वाली द्विपक्षीय बैठक में राहत पैकेज की मांग कर सकते हैं, क्योंकि द्वीपीय देश आर्थिक संकट से जूझ रहा है और कर्ज न चुकाने के चलते उसके डिफॉल्ट करने की आशंका है।
पिछले साल के अंत में 'इंडिया ऑउट' नीति पर केंद्रित चुनावी अभियान के बाद सत्ता में आने के बाद मुइज्जू की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है, जिसमें उन्होंने दिल्ली के प्रभाव को कम करने का वादा किया था। तब से, दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह यात्रा दर्शाती है कि मालदीव अपने विशाल पड़ोसी की अनदेखी नहीं कर सकता।

सितंबर में मालदीव का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग 440 मिलियन डॉलर था, जिससे वो सिर्फ 45 दिनों के लिए सामानों का आयात कर सकता है। पिछले महीने, वैश्विक एजेंसी मूडीज ने मालदीव की क्रेडिट रेटिंग को घटाते हुए कहा था, कि "डिफॉल्ट जोखिम काफी बढ़ गया है"।
भारतीय बेलआउट से मालदीव के विदेशी मुद्रा भंडार को बढ़ावा मिलेगा और उसके डिफॉल्ट करने की संभावना भी कम हो जाएगी।
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद और मालदीव सरकार के अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे हैं। और सोमवार को आधिकारिक तौर पर उनका स्वागत किया जाएगा।
6-10 अक्टूबर तक चलने वाली अपनी यात्रा के दौरान, मुइज्जू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य शीर्ष मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिससे द्विपक्षीय सहयोग बढ़ सकता है।
मुइज्जू की यात्रा से दांव पर क्या है?
पिछले साल नवंबर में मालदीव के राष्ट्रपति बनने के बाद से मोहम्मद मुइज्जू की आलोचना इस बात के लिए की गई है, कि उन्होंने अपने द्वीप राष्ट्र को चीन की ओर तेजी से मोड़ दिया है, और पदभार ग्रहण करने के बाद भारत को अपनी पहली विदेश यात्रा न बनाकर परंपरा तोड़ा है और अपने विशालकाय पड़ोसी को नाराज किया है।
हालांकि, अब दोनों देशों के बीच संबंधों में गर्मजोशी आ रही है और मुइज्जू ने सार्वजनिक रूप से भारत के महत्व को स्वीकार किया है, इसे मालदीव के "सबसे करीबी सहयोगियों और अमूल्य भागीदारों में से एक" के रूप में संदर्भित किया है। मालदीव के राष्ट्रपति द्वारा ज़रूरत के समय सहायता प्रदान करने में भारत की भूमिका को स्वीकार करना भी रचनात्मक जुड़ाव की ओर विवादास्पद बयानबाजी से आगे बढ़ने की इच्छा को दर्शाता है।
यह बदलाव एक ज्यादा संतुलित दृष्टिकोण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है, जो मालदीव की संप्रभुता का सम्मान करता है और साथ ही इस क्षेत्र में भारत के रणनीतिक हितों को मान्यता देता है। भू-राजनीतिक रूप से, मालदीव भारत की 'SAGAR' (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) पहल और इसकी 'पड़ोसी पहले नीति' के लिए महत्वपूर्ण है। मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में एक प्रमुख समुद्री पड़ोसी के रूप में कार्य करता है, जो इसे भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाता है।
मोहम्मद मुइज्जू के एजेंडे में क्या है?
राष्ट्रपति मुइज्जू के आज शाम को विदेश मंत्री जयशंकर से मिलने की उम्मीद है। सोमवार को भारतीय नेतृत्व के साथ आधिकारिक वार्ता और समझौतों पर हस्ताक्षर होने हैं।
राष्ट्रपति मुइज्जू रविवार को भारत में रहने वाले मालदीव के समुदाय से भी मिलेंगे। वे मुंबई और बेंगलुरु में व्यापारिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
मोहम्मद मुइज्जू कम से कम 9 कैबिनेट मंत्रियों के साथ भारत पहुंचे हैं। विदेश मंत्री डॉ अब्दुल्ला खलील, रक्षा मंत्री मोहम्मद गस्सान मौमून, गृह सुरक्षा और टेक्नोलॉजी मंत्री अली इहुसान, वित्त मंत्री मूसा जमीर, स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल्ला नाज़िम इब्राहिम और आर्थिक विकास मंत्री मोहम्मद सईद शामिल हैं। यात्रा में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख अधिकारियों में अटॉर्नी जनरल अहमद उशाम, पर्यटन मंत्री इब्राहिम फैसल, परिवहन और नागरिक उड्डयन मंत्री मोहम्मद अमीन, निर्माण और बुनियादी ढांचा मंत्री डॉ अब्दुल्ला मुथथलिब और राष्ट्रपति कार्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुल्ला फयाज के साथ-साथ कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

भारत से संबंध सुधारते मोहम्मद मुइज्जू
मोहम्मद मुइज्जू ने आखिरी बार जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भारत का दौरा किया था। यात्रा के दौरान, दोनों नेताओं ने मुलाकात की और मालदीव और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।
दोनों नेताओं ने पिछले साल दिसंबर में दुबई में COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान भी मुलाकात की थी। मालदीव से भारतीय सैन्य कर्मियों की वापसी के बारे में चल रही चर्चाओं के बीच, मालदीव के दो उप-मंत्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और भारत के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद दोनों देशों के बीच संबंध खराब हो गए थे। दोनों अधिकारियों, मालशा शरीफ और मरियम शिउना को युवा मंत्रालय में उनकी भूमिकाओं से निलंबित कर दिया गया था और बाद में इस साल 10 सितंबर को उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
भारतीय सैन्य कर्मियों की वापसी राष्ट्रपति मुइज्जू की एक प्रमुख प्रतिज्ञा थी, और दोनों सरकारों के बीच समझौते के अनुसार भारतीय सैनिकों की जगह नागरिक अधिकारियों ने ले ली है। मुइज्जू का प्रशासन तब से भारत के साथ संबंधों को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई देता है।












Click it and Unblock the Notifications