कमला हैरिस ने हिंदी में दी दिवाली की शुभकामनाएं, जो बाइडेन बोले- प्रकाशोत्सव मना रहे करोड़ों हिन्दुओं...
नई दिल्ली। अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनने जा रहीं भारतीय मूल की डेमोक्रेट नेता कमला हैरिस ने दिवाली के पावन त्योहार की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, अगले साल अमेरिका में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले जो बाइडेन ने भी दीपावली मनाने वाले लोगों को त्योहार की बधाई दी है। दिलचस्प बात यह है कि कमला हैरिस ने हिंदी में लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, हैप्पी दिवाली, साल मुबारक! बता दें कि आज (14 नवंबर) भारत समेत कई देशों में दिवाली की धूम है, लोगों ने दीपक जलाकर प्रकाशोत्सव मनाया।

गौरतलब है कि दिवाली के शुभ अवसर पर पूरा देश रोशनी से नहाया रहता है, शनिवार को भी भारत में के हर कोने में दिवाली की धूम रही। भारत में मनाए जाने वाले इस त्योहार को दुनियाभर में स्थित भारतीय मूल के कई अन्य लोगों ने भी बड़े ही उत्साह से मनाया। हर साल की तरह अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी व्हाइट हाउस में दीप जलाकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले डेमोक्रेट जोड़ी जो बाइडेन और कमला हैरिस ने भी ट्वीट कर दिवाली की बधाई दी।

कमला हैरिस ने अपने ट्वीट में लिखा, दिवाली की शुभकामनाएं और साल मुबारक! डौग इम्होफ और मेरी इच्छा है कि दुनिया भर में सभी लोग एक सुरक्षित, स्वस्थ और हर्षोल्लास से नए साल का जश्न मनाएं। वहीं, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्वीट कर कहा, करोड़ों हिन्दुओं, जैन, सिख, बौद्ध, जो दिवाली मना रहे हैं, उन्हें मैं शुभकामनाएं देता हूं, उम्मीद है नया साल भी खुशियां लेकर आए, उम्मीदों को पूरा करे।
यह भी पढ़ें: US Election: चुनाव के एक हफ्ते बाद डोनाल्ड ट्रंप के बेटे ने की वोट की अपील, हो गए ट्रोल












Click it and Unblock the Notifications