Italy Elections: जॉर्जिया मेलोनी के खिलाफ इटली का Gen Z, 30% से भी नीचे गिरा समर्थन, खतरे में PM की कुर्सी
Giorgia Meloni Italy Elections 2027: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के लिए 2027 का चुनाव आसान नहीं रहने वाला है। सत्ता संभालने के बाद मजबूत दक्षिणपंथी नेता के तौर पर उभरी मेलोनी को अब देश के युवा वोटर्स की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि 35 साल से कम उम्र के वोटर्स में उनके तीन-पार्टी गठबंधन का समर्थन 30% से नीचे पहुंच गया है, जबकि सेंटर-लेफ्ट विपक्ष युवाओं के बीच करीब 50% समर्थन हासिल कर रहा है।
रोजगार, कम वेतन, शिक्षा के अवसर और सरकार की सख्त नीतियां युवाओं की नाराजगी की बड़ी वजह मानी जा रही हैं। सवाल है, क्या Gen Z का यह रुख 2027 में मेलोनी की कुर्सी के लिए खतरा बनेगा?

रोजगार और कम कमाई से नाराज युवा
मेलोनी सरकार के सामने युवाओं की सबसे बड़ी शिकायत आर्थिक मोर्चे पर है। इटली में 15 से 24 साल के युवाओं की रोजगार दर यूरोजोन के देशों में सबसे कम बताई जा रही है। बैंक ऑफ इटली के मुताबिक, जर्मनी का युवा ग्रेजुएट औसतन इटली के युवा ग्रेजुएट से करीब 80% ज्यादा कमाता है। बेहतर अवसरों की तलाश में हजारों युवा देश छोड़ रहे हैं। यही वजह है कि Gen Z सरकार से रोजगार और बेहतर भविष्य को लेकर सवाल पूछ रही है।
ये भी पढे़ं: Trump-Meloni Tension: 'आई लाइक हर' बोलकर ट्रंप ने फिर मेलोनी पर कसा तंज, उधर से भी मिला करारा जवाब- Video
मेलोनी के खिलाफ बढ़ी युवाओं की दूरी
YouTrend के आंकड़ों के मुताबिक, 35 साल से कम उम्र के वोटर्स में मेलोनी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 30% से भी कम समर्थन मिल रहा है। इसके मुकाबले सेंटर-लेफ्ट विपक्ष युवाओं के बीच करीब 50% समर्थन हासिल कर रहा है। खास बात यह है कि 2023 में सिर्फ मेलोनी की पार्टी Brothers of Italy को युवाओं के बीच लगभग 30% समर्थन मिला था। यानी अब पूरी गठबंधन सरकार को उतना समर्थन भी नहीं मिल रहा, जितना कभी अकेली पार्टी को मिला था।
युवा पुरुष राइट के साथ, महिलाएं लेफ्ट के साथ
इटली के युवाओं में राजनीतिक पसंद का एक दिलचस्प जेंडर पैटर्न भी सामने आया है। Bocconi University की रिसर्च के मुताबिक, युवा पुरुष दक्षिणपंथी दलों की तरफ ज्यादा झुक रहे हैं, जबकि युवा महिलाएं लेफ्ट की ओर जा रही हैं। 18 से 29 साल के करीब 15% पुरुष Brothers of Italy के साथ हैं, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा सिर्फ 4.2% है। वहीं 5-Star Movement को युवा महिलाओं का करीब 18% समर्थन मिल रहा है, जबकि पुरुषों में यह लगभग 5.1% है।
सख्त कानूनों से भी बढ़ी नाराजगी
मेलोनी सरकार के सख्त कानून-व्यवस्था एजेंडे को भी युवाओं के एक हिस्से का विरोध झेलना पड़ रहा है। रेव पार्टियों, गांजा, प्रदर्शनों और किशोर अपराधों को लेकर सरकार ने नियम कड़े किए हैं। स्कूलों में सेक्स एजुकेशन के लिए माता-पिता की लिखित अनुमति जैसे फैसलों पर भी बहस हुई। नवंबर 2025 में हजारों छात्रों ने 'नो-मेलोनी डे' के तहत सरकार की नीतियों, गाजा पर रुख और शिक्षा बजट में कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
ये भी पढे़ं: Trump Vs Meloni: मेलोनी की फोटो शेयर कर ट्रंप ने कसा तंज, तो इटली ने सरेआम दे डाला मुंहतोड़ जवाब
2027 में निर्णायक बन सकता है Gen Z वोट
मेलोनी के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि युवा अगर इस बार बड़ी संख्या में मतदान करते हैं तो चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। मार्च 2026 के न्यायिक सुधार जनमत संग्रह में 35 साल से कम उम्र के 67% युवाओं ने मतदान किया और इनमें करीब 60% ने सरकार के प्रस्ताव को खारिज किया। हालांकि युवाओं का एक वर्ग अब भी राजनीति से दूर है। अगर यह वर्ग मतदान केंद्र तक पहुंचा, तो 2027 में Gen Z मेलोनी की सत्ता का सबसे बड़ा टेस्ट बन सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
