Trump-Meloni Tension: 'आई लाइक हर' बोलकर ट्रंप ने फिर मेलोनी पर कसा तंज, उधर से भी मिला करारा जवाब- Video
Trump-Meloni Diplomatic Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच कूटनीतिक कड़वाहट एक बार फिर बढ़ गई है। तुर्की के नाटो (NATO) शिखर सम्मेलन में ट्रंप ने मेलोनी को अच्छी इंसान बताते हुए कहा कि ईरान संघर्ष में अमेरिका का साथ न देकर उन्होंने बड़ी भूल की है। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस नए बयान ने दोनों नेताओं के बीच जारी तनातनी को और हवा दे दी है।
पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मेलोनी ने अमेरिकी प्रयासों में शामिल होने से इनकार किया, जिससे उनके संबंधों में थोड़ी खटास आई है। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह मेलोनी को पसंद करते हैं और उन्हें व्यक्तिगत तौर पर अच्छी इंसान मानते हैं, लेकिन ईरान विवाद पर उनका रुख एक बड़ी कूटनीतिक गलती था।

सैन्य विवाद और बेस की इजाजत पर खींचतान
दोनों देशों के संबंधों में यह खटास अचानक शुरू नहीं हुई है, बल्कि इसका एक पुराना सैन्य और रणनीतिक घटनाक्रम रहा है। इस साल मार्च में इटली ने सिसिली स्थित सिगोनेला एयर बेस पर अमेरिकी लड़ाकू विमानों को उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। ये सैन्य विमान मिडिल ईस्ट की ओर बढ़ रहे थे और इटली सरकार अपनी जमीन का इस्तेमाल बिना पूर्व प्रशासनिक मंजूरी के नहीं होने देना चाहती थी।
समझौते के लिए तैयार नहीं मेलोनी-ट्रंप
सिगोनेला एयर बेस के इस वाकये ने दोनों देशों के रक्षा और रणनीतिक संबंधों में बड़ी दरार पैदा कर दी थी। अमेरिका इसे अपने अंतरराष्ट्रीय अभियानों में बड़ी बाधा मान रहा था, वहीं इटली संप्रभु हितों से कोई समझौता करने को तैयार नहीं था। इस फैसले के बाद से ही दोनों नेताओं के बीच की दूरियां तेजी से बढ़ने लगी थीं, जो ऐतिहासिक रूप से एक-दूसरे के निकट सहयोगी रहे हें। बस इसी बात पर दोनों नेताओं के बीच में ठन गई थी।
ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट और विवाद
सैन्य और कूटनीतिक मतभेदों के अलावा, ट्रंप और मेलोनी के बीच का तनाव कई बार व्यक्तिगत स्तर पर भी सामने आया है। हाल ही में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर मेलोनी की एक पुरानी सिंक की गई फोटो साझा की थी। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने रिस्ट्रेनिंग ऑर्डर की जरूरत लिखा था, जिसने नाटो सम्मेलन से ठीक पहले द्विपक्षीय कूटनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
इंटरव्यू में भी ट्रंप के खिलाफ बोलीं थी मेलोनी
इससे पहले पिछले महीने भी दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तब तेज हो गई थी, जब ट्रंप ने इटली के एक चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनसे एक तस्वीर के लिए मिन्नतें की थीं। मेलोनी ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति पर मनगढ़ंत कहानी बनाने का आरोप लगाया था।
तनाव के बीच इटली का न्यूट्रल रवैया
ट्रंप के इन आक्रामक बयानों और तीखे हमलों के बावजूद इटली सरकार इस संवेदनशील मसले को कूटनीतिक स्तर पर और ज्यादा तूल देने से बच रही है। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने ला स्टैम्पा अखबार से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अक्सर भड़काने वाले सोशल मीडिया बयान देते हैं। इसलिए उनकी सरकार ने तय किया है कि वे ऐसे बयानों पर अब कोई रिएक्शन नहीं देंगे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications