Israel Vs Lebanon: इजराइल ने मिनटों में तबाह कर दिए लेबनान के पूरे गांव, वीडियो देख दहल जाएगा दिल!
Israel Lebanon Conflict: इजराइल और लेबनान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका और ईरान की कोशिशों के बावजूद, दो हफ्ते के युद्धविराम का असर जमीन पर नहीं दिख रहा है। इजराइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान के गांवों में भारी बमबारी की है, जिससे सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।
'द गार्डियन' की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल ने सीमाई इलाकों में बड़े पैमाने पर विस्फोट किए हैं, जिससे कई गांव पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घर और यादें सब कुछ खत्म हो चुका है, और वहां अब सिर्फ तबाही का मंजर बचा है।

Lebanon Village Destroyed: गांवों की तबाही और वायरल वीडियो
इजराइली सेना ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा किए हैं, जिनमें तैबेह, नकौरा और देर सेरियन जैसे गांवों में भीषण धमाके होते देखे जा सकते हैं। इन धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पूरे के पूरे रिहायशी इलाके जमींदोज हो गए। हालांकि अभी तक इन क्षेत्रों की नई सैटेलाइट तस्वीरें सामने नहीं आई हैं, लेकिन लेबनानी मीडिया और वहां के नागरिकों का दावा है कि इजराइल ने जानबूझकर घरों को निशाना बनाया है ताकि वहां दोबारा जीवन न पनप सके।
ये भी पढे़ं: Iran US Talk Fail: फंस गया अमेरिका? शांति समझौते की जरूरत ईरान से ज्यादा ट्रंप को? 4 प्वाइंट्स में समझें
सैन्य रणनीति या 'डोमिसाइड'?
इजराइल के रक्षा मंत्री का कहना है कि उत्तरी इजराइल की सुरक्षा के लिए सीमा पर बने इन घरों को तोड़ना जरूरी है। इस कार्रवाई की तुलना गाजा के रफाह और बेत हनौन से की जा रही है, जहां 90% घर तबाह कर दिए गए थे। जानकारों ने इसे 'डोमिसाइड' का नाम दिया है, जिसका मतलब है किसी आबादी के रहने की जगह को पूरी तरह खत्म कर देना। मानवाधिकार संगठनों ने इसे युद्ध अपराध की श्रेणी में रखा है और इसे अंधाधुंध तबाही करार दिया है।
ये भी पढे़ं: Iran Vs America: शांति वार्ता में 'लात-घूंसे', तुर्किए मीडिया का दावा, क्यों भिड़े ईरानी मंत्री- ट्रंप के दूत
हिजबुल्लाह के ठिकानों का दावा
इजराइली सेना (IDF) ने अपनी सफाई में कहा है कि वे नागरिकों को नहीं, बल्कि हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं। उनका दावा है कि हिजबुल्लाह ने रिहायशी मकानों के नीचे सुरंगें और हथियार डिपो बना रखे हैं। इजराइल का कहना है कि जब तक इन ठिकानों को पूरी तरह नष्ट नहीं किया जाता, तब तक उनके अपने नागरिकों पर खतरा बना रहेगा। इसी तर्क के साथ इजराइल दक्षिणी लेबनान के गांवों में घुसकर ऑपरेशन चला रहा है।
विस्थापन और भविष्य का संकट
इजराइल की योजना दक्षिणी लेबनान के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर वहां 'बफर जोन' बनाने की है। लिटानी नदी तक के इलाके को सुरक्षा घेरे में लेने की बात कही जा रही है। इसका सीधा असर वहां रहने वाले आम लोगों पर पड़ रहा है। लाखों लोग अपना घर छोड़ चुके हैं और इजराइल ने उन्हें फिलहाल वापस लौटने की इजाजत नहीं दी है। अगर हमले इसी तरह जारी रहे, तो यह विस्थापन एक लंबे मानवीय संकट में बदल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications