क्राइस्टचर्च टेस्ट के बीच टीम इंडिया ने बदला खिलाड़ी, किस वजह से ऐसा हुआ, भारत के लिए आई बुरी खबर
IND vs NZ: क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारतीय टीम को ऐसा झटका लगा है, जिसका असर मैच के बाकी हिस्से पर पड़ सकता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट लेकर आकाश दीप ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया, अब वह मुकाबले में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि प्रसिद्ध को यह मौका किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर मिलने वाले सामान्य विकल्प के तौर पर नहीं, बल्कि आईसीसी के एक विशेष नियम के तहत मिला है।

चोट के कारण हुआ बदलाव
आकाश दीप को बल्लेबाजी के दौरान न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन की गेंद हेलमेट पर लगी थी। पहली बार गेंद हेलमेट की ग्रिल से टकराई और कुछ समय बाद एक और बाउंसर उनके हेलमेट पर लगी। उस समय उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और 29 रन बनाए, बाद में उनमें कन्कशन के लक्षण नजर आए।
मेडिकल टीम की जांच के बाद उन्हें आगे खेलने से रोक दिया गया। इसके बाद भारतीय टीम ने प्रसिद्ध कृष्णा को उनके स्थान पर उतारने का अनुरोध किया, जिसे मंजूरी मिल गई। आकाश दीप ने पहली पारी में पांच विकेट हासिल किए थे। ऐसे में भारत को एक प्रभावी तेज गेंदबाज की कमी महसूस हो सकती है।
हर चोट पर नहीं मिलता रिप्लेसमेंट
क्रिकेट में कन्कशन सब्स्टीट्यूट का नियम सिर या गर्दन पर चोट लगने से जुड़ा है। इसका इस्तेमाल तभी किया जा सकता है, जब खिलाड़ी में कन्कशन के लक्षण दिखाई दें और मेडिकल टीम उसकी जांच के बाद रिप्लेसमेंट की जरूरत बताए।
इस बदलाव के लिए मैच रेफरी की मंजूरी भी जरूरी होती है। टीम अपनी तरफ से किसी भी खिलाड़ी को मनमाने तरीके से नहीं चुन सकती। आईसीसी के 'लाइक-फॉर-लाइक' नियम के अनुसार, रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की भूमिका चोटिल खिलाड़ी के समान होनी चाहिए।
इस नियम के तहत मैदान में आने वाला खिलाड़ी सिर्फ फील्डिंग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने की भी अनुमति होती है। इसलिए प्रसिद्ध कृष्णा अब आकाश दीप की जगह मुकाबले में पूरी भूमिका निभा सकेंगे। टीम इंडिया पहली पारी में 246 पर आउट हो गई। ध्रुव जुरेल ने 88 रन जड़े।


Click it and Unblock the Notifications
