Iran Espionage Israel: दूसरों की जासूसी करने वाले इजरायल के लीक हुए सीक्रेट, Iron Dome का सैनिक निकला जासूस
Iran Espionage Israel: इज़राइल में शुक्रवार को एक बड़ा सुरक्षा मामला सामने आया है। इज़राइली पुलिस ने आयरन डोम एयर डिफेंस सिस्टम में काम कर चुके एक रिजर्व सैनिक को गिरफ्तार किया है। येरुशलम में रहने वाले 26 साल के राज कोहेन पर आरोप है कि उसने ईरान को गोपनीय सैन्य जानकारी दी। यह गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है जब इज़राइल और अमेरिका, ईरान के साथ एक बड़े युद्ध में उलझे हुए हैं, जो पूरे मिडिल ईस्ट में फैल चुका है।
ईरानी एजेंटों से संपर्क में था राज- पुलिस
इज़राइली पुलिस ने पुष्टि की कि "राज कोहेन, जो आयरन डोम यूनिट में रिजर्व सैनिक था, को सुरक्षा से जुड़े गंभीर अपराधों के आरोप में हिरासत में लिया गया है।" पुलिस के मुताबिक, वह ईरानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में था।

कई महीनों तक देता रहा जानकारी
पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी कई महीनों तक ईरानी एजेंटों के संपर्क में रहा। उनके निर्देश पर उसने कई सुरक्षा से जुड़े काम किए। इसमें संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा करना भी शामिल था, जो देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है।
हो सकता था बड़ा कांड!
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या के बाद अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर बमबारी शुरू की थी। इसके जवाब में ईरान लगातार इज़राइल पर मिसाइल हमले कर रहा है। इसीलिए कहा जा रहा है कि अगर राज कोहेन गिरफ्तार न होता तो कुछ बड़ा हो सकता था।
आयरन डोम ने रोकीं ज्यादातर मिसाइलें
इज़राइल की एडवांस्ड एयर डिफेंस सिस्टम 'आयरन डोम' ने ईरान द्वारा दागी गई ज्यादातर मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया है। 28 फरवरी 2026 को तेल अवीव के आसमान में इंटरसेप्शन के दौरान हुए धमाकों की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जो इस सिस्टम की ताकत दिखाती हैं।
फिर भी हुआ नुकसान और जान-माल की हानि
हालांकि, हर मिसाइल को रोक पाना संभव नहीं हो पाया। कुछ रणनीतिक ठिकानों को नुकसान पहुंचा है और जानें भी गई हैं। इज़राइली अधिकारियों के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक ईरानी मिसाइल हमलों में 15 नागरिकों की मौत हो चुकी है।
वेस्ट बैंक में भी हमले, 4 महिलाओं की मौत
रामल्लाह स्थित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, वेस्ट बैंक में भी ईरानी मिसाइल हमले हुए हैं। इन हमलों में चार फिलिस्तीनी महिलाओं की मौत हो गई है।
बढ़ता खतरा, अंदरूनी सुरक्षा पर भी सवाल
राज कोहेन की गिरफ्तारी ने इज़राइल की आंतरिक सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जब एक पूर्व आयरन डोम सैनिक पर ही जानकारी लीक करने का आरोप लगे, तो यह साफ संकेत है कि युद्ध अब सिर्फ सीमा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खुफिया और साइबर स्तर तक पहुंच चुका है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications