युद्धग्रस्त गाजा में फंसी भारतीय महिला को सुरक्षित निकाला गया, बताया किस कदर हालात हैं खराब
इजराइल और हमास की जंग के बीच युद्धग्रस्त गाजा में फंसी एक भारतीय महिला और उसकी बेटी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया है। भारतीय मिशनों की मदद से महिला और उसकी बेटी को सुरक्षित से गाजा से बाहर निकालकर मिस्र पहुंचाया गया है।
युद्धग्रस्त गाजा में फंसी कश्मीरी महिला लुबना नजीर शाबू और उनकी बेटी करीमा ने सोमवार शाम को मिस्र और गाजा के बीच राफा बॉर्ड को पार किया। पीटीआई से बात करते हुए लुबना के पति नदाल तोमान के मुताबिक उनकी पत्नी और बेटी दोनों फिलहाल मिस्र के शहर अल-अरीश में हैं। वे मंगलवार को राजधानी काहिरा के लिए रवाना होंगे।

राफा क्रॉसिंग गाजा से एकमात्र निकास मार्ग है जो कि मिस्र के साथ जुड़ता है। यहां से पिछले कुछ हफ्तों में मानवीय आपूर्ति को गाजा में प्रवेश करने और कुछ विदेशी नागरिकों और घायल लोगों को दूसरी तरफ जाने देने के लिए कभी-कभार ही खोला गया है।
रविवार को एक टेलीफोनिक बातचीत में, लुबना ने कहा था कि उसका नाम उस लिस्ट में है जो गाजा छोड़ सकते हैं। अब जब वह गाजा से सुरक्षित बाहर निकल गई है तो उसने इसे संभव बनाने के लिए रामाल्ला, तेल अवीव और काहिरा के भारतीय दूतावासों का आभार जताया है।
लुबना ने पिछले महीने 10 अक्टूबर को गाजा से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगाई थी। लुबना ने कहा था कि वे युद्ध के बीच फंस गई हैं। वहां हर तरफ बमबारी हो रही है। लुबना ने बताया था कि 9 अक्टूबर की आधी रात को अचानक पानी की सप्लाई बंद हो गई थी।
आपको बता दें कि गाजा के अल शिफा अस्पताल में मरीजों के मरने का सिलसिला जारी है। अल शिफा गाजा पट्टी का सबसे बड़ा और आधुनिक अस्पताल हैं। बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से अस्पताल ने काम करना बंद कर दिया है। इससे 40 मरीजों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग अभी भी अस्पताल में फंसे हैं।
जंग की वजह से मरीजों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, इजराइली सेना ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के मरीजों और कर्मचारियों को हमास आतंकी मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications