SCO summit: जुलाई में भारत करेगा SCO शिखर सम्मेलन का आयोजन, पुतिन और लुकाशेंको होंगे शामिल
SCO summit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और दोनों देशों की तरफ से इसकी पुष्टि कर दी गई है।
भारत इस साल एससीओ का अध्यक्ष है और अगले हफ्ते भारत एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 4 जुलाई को एससीओ शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। जिसका फोकस "सिक्योर" थीम पर होगा, जिसका संक्षिप्त रूप 'सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और व्यापार, कनेक्टिविटी, एकता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता और पर्यावरण के लिए सम्मान' है।

भारत में एससीओ शिखर सम्मेलन
साल 2017 में एससीओ समूह का पूर्ण सदस्य बनने के बाद भारत पहली बार समूह की अध्यक्षता कर रहा है। हालांकि, भारत ने इस साल एससीओ के रक्षा मंत्रियों और विदेश मंत्रियों की बैठक का आयोजन किया था। रक्षा मंत्रियों की बैठक जहां दिल्ली में हुई थी, वहीं एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक गोवा में की गई थी, जिसमें पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भी शामिल हुए थे।
लेकिन, एससीओ का शिखर सम्मेलन वर्चुअल करवाया जा रहा है और एससीओ के सभी सदस्य देशों को प्रमुख वीडियो लिंक पर जुड़ेंगे।
आपको बता दें, कि भारत ने सभी एससीओ सदस्य देशों, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। इसके अलावा, ईरान, बेलारूस और मंगोलिया को पर्यवेक्षक राज्य के रूप में आमंत्रित किया गया है। एससीओ परंपरा के अनुसार, तुर्कमेनिस्तान को भी अध्यक्ष देश भारत ने अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।
इस महीने की शुरुआत में, पाकिस्तान ने शिखर सम्मेलन में अपनी उपस्थिति की पुष्टि कर दी थी। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज ज़हरा बलूच ने कहा था, कि "शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया जाएगा। हम आने वाले दिनों में अपनी भागीदारी के संबंध में एक घोषणा करेंगे।"
वहीं, इस साल ईरान एससीओ का पूर्ण सदस्य बन जाएगा, जबकि बेलारूस अगले शिखर सम्मेलन तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर लेगा, इस प्रक्रिया में दो साल लगते हैं।
एससीओ ग्रुप का हो रहा विस्तार
दोनों देशों के प्रवेश के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर इस वर्ष हस्ताक्षर किए जाएंगे, जबकि प्रवेश अगले वर्ष होगा। एससीओ समूह तेजी से विस्तार पर विचार कर रहा है। गोवा में एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में कुवैत, मालदीव, म्यांमार और संयुक्त अरब अमीरात को संवाद भागीदार का दर्जा देने वाले ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके अलावा, बहरीन डायलॉग पार्टनर का दर्जा प्राप्त करने के अंतिम चरण में है।
कुल मिलाकर, भारत ने एससीओ की कुल 134 बैठकों और कार्यक्रमों की मेजबानी की है, जिसमें समूह की अध्यक्षता में 14 मंत्री-स्तरीय बैठकें शामिल थीं। भारतीय अध्यक्षता में दो नए एससीओ तंत्र भी बनाए गए हैं। ये पारंपरिक चिकित्सा पर एक विशेषज्ञ कार्य समूह के साथ-साथ स्टार्टअप और नवाचार पर विशेष कार्य समूह हैं।












Click it and Unblock the Notifications