उत्तरी नाइजीरिया की एक मस्जिद में नमाज अदा कर रहे लोगों पर बंदूकधारियों ने बरसाईं गोलियां, 18 लोगों की मौत
उत्तरी नाइजीरिया के नाइजर राज्य की एक मस्जिद में मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने कम से कम 18 लोगों की हत्या कर दी।
अबुजा, 26 अक्टूबर। उत्तरी नाइजीरिया के नाइजर राज्य की एक मस्जिद में मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने कम से कम 18 लोगों की हत्या कर दी, दो स्थानीय निवासियों ने सोमवार को मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमलावर सुबह करीब पांच बजे माशेगू स्थानीय सरकारी क्षेत्र के माजा-कुका समुदाय में पहुंचे और सीधे मस्जिद में घुस गए, उन्होंने बगैर किसी को बख्शे सभी नमाजियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और 18 लोगों की हत्या कर दी।।

बंदूकधारियों ने 10 से अधिक लोगों का अपहरण किया। इस हमले में कम से कम 20 लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि नाइजर राज्य के पुलिस प्रवक्ता ने इस हमले को लेकर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि माना जा रहा है कि ये हमलावर जातीय फुलानी खानाबदोश चरवाहे थे और यह हमला ग्रामीणों और फुलानी चरवाहों के बीच संघर्ष से संबंधित था।
यह भी पढ़ें: गुलजार से असिस्टेंट डायरेक्टर की जॉब मांगने गया था, उन्होंने 'माचिस' दे दी- अपने बॉलीवुड डेब्यू पर जिमी शेरगिल
बता दें कि पैसों के लिए इस साल बंदूकधारियों ने उत्तर पश्चिमी नाइजीरिया में सैकड़ों लोगों का अपहरण और हत्याएं की हैं। वहीं, नाइजर राज्य और स्थानीय सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इन हत्याओं और अपहरण के पीछे इस्लामिक आतंकवादी संगठन बोको हराम का हाथ है। उसने राज्य में कई समुदायों पर कब्जा कर लिया है, उसने सरकार से लड़ने के लिए ग्रामीणों को पैसे देकर उन्हें अपने संगठन में शामिल कर लिया है।
नाइजीरिया में क्या है बोको हराम
बता दें कि कट्टरपंथी संगठन बोको हराम नाइजीरिया को इस्लामिक देश में तब्दील करना चाहता है। एक मुस्लिम धर्मगुरू मोहम्मद यूसुफ ने 2002 में इस संगठन का गठन किया था।












Click it and Unblock the Notifications