लॉकडाउन में चार बहनों ने किया Corona Board Game का आविष्कार, क्रिसमस पर खूब हो रही है बिक्री
नई दिल्ली। Corona Board Game: कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी की वजह से पिछले एक साल से दुनियाभर में कई गतिविधियों पर रोक लगी हुई है। लॉकडाउन के समय तो लोगों को घरों से निकलने के भी अनुमति नहीं थी, ऐसे में बोरियत दूर करने के लिए लोगों ने कई तरह के खेल खेले। भारत में भी लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान लूडो खेल काफी लोकप्रिय हुआ। हालांकि एक तरफ जहां कुछ लोग पहले से बने गेम से अपना टाइम पास कर रहे थे वहीं, जर्मनी (Germany) की चार बहनों ने कोरोना वायरस पर आधारित एक नए बोर्ड गेम का आविष्कार (Invention) कर दिया।

जर्मनी की बहनों ने किया 'कोरोना बोर्ड गेम' का आविष्कार
दिलचस्प बात ये है कि उन बहनों द्वारा बनाए गए कोरोना बोर्ड गेम (Corona Board Game) की मांग भी समय के साथ बढ़ती जा रही है। क्रिसमस (Christmas 2020) के मौके पर उनके बोर्ड गेम की खूब बिक्री हो रही है। दरअसल, कोरोना वायरस के चलते जर्मनी में लगाए गए पहले लॉकडाउन के दौरान अपने खाली समय का उपयोग करते हुए चारों बहनों ने घर में बैठकर खेले जा सकने और कोरोना वायरस थीम पर बने बोर्ड गेम का आविष्कार कर दिया। उन्होंने इसे 'कोरोना बोर्ड गेम' का नाम दिया है।

कैसे खेल सकते हैं 'कोरोना बोर्ड गेम' ?
लॉकडाउन के बाद से अब तक उन्होंने हजारों 'कोरोना बोर्ड गेम' की सेल भी की है, इतना ही नहीं इस बोर्ड गेम से लोग काफी प्रभावित भी हुए हैं। 'कोरोना बोर्ड गेम' में एक बार में सिर्फ चार खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं। इसमें शामिल खिलाड़ियों को अपने बुजुर्ग पड़ोसी को गंभीर कोरोना वायरस से बचाने के लिए उनके द्वारा दी गई सूची के आधार पर किराने का सामान खरीदने के लिए प्रतिस्पर्धा की करनी होती है।

रोमांचक है ये खेल
इस खेल का मूल सिद्धांत एकजुटता में हैं। खेल का निर्माण करने वाली चारों बहनों में से एक पश्चिमी शहर विसबैडेन निवासी 20 वर्षीय सारा ने बताया कि इस खेल में खिलाड़ी चाहें तो एक दूसरे का सहयोग कर उनकी मदद कर सकते हैं या फिर कोरोना वायरस के साथ उनके रास्ते में कठिनाइयां खड़ी कर टास्क को मुश्किल बना सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चारों बहनों ने खेल में कोरोना वायरस से संबंधित समाचार से मिलने वाली जानकारियों के आधार पर तैयार किया है।

बेटियों के गेम से प्रभावित हुए पिता
रेबेका ने बताया, हमने कोरोना वायरस से संबंधित होर्डिंग्स देखे इसके अलावा लॉकडाउन के दौरान इटली में बालकनी कॉन्सर्ट के बारे में देखा और उसे एक प्लेइंग कार्ड में बदल दिया। अपनी बेटियों के आइडिया से प्रभावित होकर उनके पिता ने बेनेडिकट श्वाडरलेप ने 'कोरोना बोर्ड गेम' के प्लेइंग कार्ड, बोर्ड और बॉक्स डिजाइन करने का काम एक स्पेशलिस्ट को दिया। इसके बाद उन्होंने इस गेम को बेचने का विचार बनाया। अब तक उन्होंने गेम की 2,000 प्रतियां बेचीं हैं।

'कोरोना बोर्ड गेम' की डिमांड बढ़ी
बेनेडिकट श्वाडरलेप ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि, 'खेल बहुत लोकप्रिय रहा है। बहुत कम समय के भीतर 500 खेलों की पैकिंग और पोस्टिंग करना हमारे परिवार-आधारित ऑपरेशन के लिए काफी चुनौती भरा रहा है। जर्मनी भर से बड़े पैमाने पर 'कोरोना बोर्ड गेम' की मांग हो रही है।' बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रकोप कम नहीं हो रहा है, इस बीच ब्रिटेन में कोविड-19 के दो नए वेरिएंट मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें: स्मार्टफोन में गेम खेलने की आदत पड़ी महंगी, बच्चे ने उड़ा दिए मां के 11 लाख रुपए












Click it and Unblock the Notifications