US Venezuela Oil: मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप का तेल पर कब्जा! अमेरिका लाए जाएंगे वेनेजुएला का कच्चा तेल
US Venezuela Oil: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने वेनेजुएला को लेकर एक और बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला की अंतरिम सरकार अमेरिका को 30 से 50 मिलियन बैरल उच्च गुणवत्ता वाला प्रतिबंधित तेल सौंपने जा रही है।
यह तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार भाव पर बेचा जाएगा और इससे मिलने वाली रकम पर सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति का नियंत्रण होगा। ट्रंप के मुताबिक, इस पैसे का इस्तेमाल वेनेजुएला और अमेरिका-दोनों देशों के लोगों के हित में किया जाएगा।

ट्रंप का तेल दांव?
डोनाल्ड ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर साझा की। उन्होंने लिखा-"मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि वेनेजुएला की अंतरिम सरकार 30 से 50 मिलियन बैरल उच्च गुणवत्ता वाला, प्रतिबंधित तेल अमेरिका को सौंपेगी। यह तेल बाजार मूल्य पर बेचा जाएगा और उससे प्राप्त धनराशि मेरे नियंत्रण में रहेगी, ताकि यह वेनेजुएला और अमेरिका के लोगों के लाभ के लिए इस्तेमाल हो सके।"
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद आया बड़ा फैसला
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट को इस योजना को तत्काल लागू करने का निर्देश दे दिया है। उनके अनुसार, यह तेल विशेष स्टोरेज जहाजों के जरिए अमेरिका लाया जाएगा और सीधे अमेरिकी बंदरगाहों पर उतारा जाएगा। ट्रंप ने अपने मैसेज के अंत में कहा, "इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"
ट्रंप का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बड़े सैन्य अभियान के दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेने का दावा किया था। उस कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में सत्ता संतुलन और तेल संसाधनों को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह कदम मादुरो सरकार के पतन के बाद वेनेजुएला की विशाल तेल संपदा पर अमेरिकी प्रभाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।
कितना बड़ा है यह तेल सौदा?
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप द्वारा घोषित 30 से 50 मिलियन बैरल तेल, वेनेजुएला के लगभग 30 से 50 दिनों के कुल उत्पादन के बराबर है। हाल के अंतरराष्ट्रीय कीमतों के हिसाब से, अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) के आधार पर इस तेल की अनुमानित कीमत 2.8 अरब डॉलर से अधिक बताई जा रही है। तुलना करें तो अमेरिका खुद हर दिन करीब 1.38 करोड़ बैरल तेल का उत्पादन करता है, लेकिन इसके बावजूद वेनेजुएला के तेल भंडार अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाते हैं।
वेनेजुएला का तेल: अपार भंडार, घटता उत्पादन
वेनेजुएला दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देशों में से एक है। हालांकि, 1970 के दशक के बाद से वहां तेल उत्पादन में लगातार गिरावट देखी गई है। आर्थिक संकट, राजनीतिक अस्थिरता, अमेरिकी प्रतिबंध और कई अमेरिकी तेल कंपनियों के देश छोड़ने से वेनेजुएला का तेल उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ट्रंप पहले भी वेनेजुएला की असीम तेल क्षमता का जिक्र कर चुके हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए वहां नए अवसर खोलने की बात कह चुके हैं।
अमेरिकी तेल कंपनियों के साथ अहम बैठक की तैयारी
इस बीच, एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस 9 जनवरी 2026 को ओवल ऑफिस में अमेरिकी तेल कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की तैयारी कर रहा है। इस बैठक में शेवरॉन, एक्सॉनमोबिल और कोनोकोफिलिप्स जैसी बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक का मकसद वेनेजुएला के तेल क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों की भूमिका और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करना बताया जा रहा है। वहीं, वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका के दबाव और धमकियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा-जो लोग मुझे धमकी दे रहे हैं, उनसे मैं साफ कहना चाहती हूं-मेरा भविष्य वे तय नहीं करेंगे, बल्कि ईश्वर तय करेगा।
वैश्विक राजनीति में बढ़ेगा तनाव
विश्लेषकों का कहना है कि ट्रंप का यह फैसला सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि गहरे राजनीतिक और भू-राजनीतिक मायने रखता है। वेनेजुएला के तेल पर अमेरिकी नियंत्रण की यह पहल लैटिन अमेरिका, चीन और रूस जैसे देशों के साथ अमेरिका के रिश्तों को और जटिल बना सकती है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि वेनेजुएला की जनता, अंतरिम सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस कदम पर कैसी प्रतिक्रिया देता है, और क्या यह तेल सौदा वाकई दोनों देशों के लोगों के हित में साबित होता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications