सिर्फ टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई ही नहीं, इन सेलिब्रिटीज को भी गायब करवा चुकी है चीन की सरकार
चीन के पूर्व उप-प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के खास माने जाने वाले नेता झांग गाओली पर सोशल का आरोप लगाने के बाद प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई गायब हो चुकी हैं।
बीजिंग, नवंबर 20: कम्युनिस्ट शासित देश चीन में किसी के लिए भी देश की सरकार के खिलाफ बोलना नाकाबिले माफी गुनाह है और ये एक बार फिर तब साबित हुआ है, जब चीन की सरकार ने देश की प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी को गायब कर दिया है। पूर्व उप-प्रधानमंत्री पर रेप का आरोप लगाने वाली विश्व प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई का कोई पता नहीं है, कि वो कहां हैं। पेंग शुआई के गायब होने पर यूनाइटेड नेशंस ने चिंता जताई है तो टेनिस फेडरेशन ने चीन का बहिष्कार तक करने की धमकी दी है और ये मामला लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पेंग शुआई कोई पहली सेलिब्रिटी नहीं हैं, जिन्हें चीन की सरकार ने इंसाफ मांगने की सजा दी है, आईये उन सात बड़े चेहरों के बारे में जानते हैं, जिन्हें कम्युनिस्ट पार्टी ने आवाज उठाने के लिए गायब करवा दिया।

गायब हो चुकी हैं पेंग शुआई
चीन के पूर्व उप-प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के खास माने जाने वाले नेता झांग गाओली पर रेप का आरोप लगाने के बाद प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई गायब हो चुकी हैं और उनका कोई पता नहीं चल रहा है। 35 साल की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई का सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिया गया है। 2 नवंबर को चीन की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर एक पोस्ट में टेनिस खिलाड़ी ने आरोप लगाया था कि पूर्व उप-प्रधानमंत्री झांग गाओली ने उन्हें सेक्स के लिए मजबूर किया । जिसके बाद उनके पोस्ट को डिलीट कर दिया गया और उनके सोशल मीडिया अकाउंट को बंद कर दिया गया है। आरोप लगाने के बाद से पेंग शुआई का कोई पता नहीं है।

टेनिस खिलाड़ियों का मिला समर्थन
टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई के गायब हो जाने के बाद विश्व के कई टेनिस खिलाड़ियों ने इसे 'आश्चर्यजनक और शॉकिंग' बताया है। जापान की खिलाड़ी ओसाका ने ट्वीट किया है कि, "मुझे हाल ही में एक साथी टेनिस खिलाड़ी के बारे में सूचित किया गया था जो यह बताने के तुरंत बाद लापता हो गई थी कि उसका यौन शोषण किया गया है।" उन्होंने आगे लिखा है कि, "सेंसरशिप किसी भी कीमत पर ठीक नहीं है, मुझे उम्मीद है कि पेंग शुआई और उनका परिवार सुरक्षित और ठीक है। मैं मौजूदा स्थिति से सदमे में हूं और उनके लिए प्रार्थना कर रही हूं कि वो जहां वो सुरक्षित हों"। जापानी खिलाड़ी के अलावा जोकोविच ने भी उनके गायब होने पर चिंता जताई है। जबकि, विश्व टेनिस फेडरेशन ने कहा है कि, अगर पेंग शुआई के साथ कुछ भी 'गलत' होता है, तो चीन का बहिष्कार कर किया जाएगा।

झाओ वेई पर कसा गया नकेल
टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई से पहले चीन की अभिनेत्री झाओ वेई भी चीन की सरकार की जुल्म का शिकार हो चुकी हैं। हॉलीवुड रिपोर्टर के अनुसार, बीजिंग के अधिकारियों ने झाओ वेई का सोशल मीडिया अकाउंट ब्लैकलिस्ट कर दिया और फिर तमाम सोशल मीडिया अकाउंट से उन्हें हटा दिया गया है। इउसके साथ ही वो भी अचानक गायब हो गईं थीं और वो काफी दिनों तक सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दीं थी। हॉलीवुड रिपोर्टर ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि, चीन में पॉप कल्चर को बढ़ावा देने की कोशिश के चलते उनके ऊपर कार्रवाई की गई थी और अगस्त महीने में वो गायब रही थीं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया था कि, बीजिंग द्वारा पॉप-संस्कृति कल्चर को निशाना बनाने की कोशिश चीन की सरकार की तरफ से की गई थी, जिसे सरकार चीन के युवाओं के लिए खराब मानती है।

कलाकार ऐ वेईवेई गायब
चीनी कलाकार ऐ वेईवेई को लंबे समय तक चीन की सरकार ने हिरासत में रखा था, क्योंकि उन्होंने चीन की सरकार की एक बार आलोचना कर दी थी। ब्रिटानिका के अनुसार, साल 2009 में उन्होंने एक ब्लॉग में चीन की सरकार की आलोचना कर दी थी, जिसके बाद उन्हें साल 2009 में चीन की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार, कलाकार पर चीन की सरकार ने टैक्स चोरी का आरोप लगा दिया और फिर करीब 3 महीने तक उन्हें हिरासत में रखा गया था। एचआरडब्ल्यू ने बताया कि, इस दौरान वो अपने वकील से बात नहीं कर सकते थे और महीने में सिर्फ एक बार अपनी पत्नी से मिल सकते थे। हालांकि, जब कई देशों में चीन की सरकार की काफी आलोचना की जाने लगी, तो फिर जून 2011 में उन्हें रिहा कर दिया था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी रिहाई के समय चीन की सरकार ने कहा था कि, ''माफी मांगने और अच्छे व्यवहार'' की वजह से उन्हें छोड़ा गया था।

उद्योगपति जैक मा भी थे गायब
विश्व के प्रसिद्ध कारोबारियों में से एक अरबपति जैक मा पर भी चीन की सरकार का गाज गिरा था और शंघाई में अक्टूबर 2020 के भाषण में चीनी वित्तीय उद्योग की आलोचना करने के बाद उन्हें गायब कर दिया गया था। जैक मा कई महीनों तक गायब रहे, जबकि चीन की सरकार उनकी कंपनी पर लगाकार कार्रवाई कर रही थी। आलोचना के कुछ दिनों के बाद चीनी सरकार ने जैक मा की कंपनियों, अलीबाबा और एंट ग्रुप के खिलाफ जांच के आदेश दिये थे और उनकी कंपनियों पर काफी सख्त नियम थोप दिए गये। जैक मा और उनकी कंपनी पर की गई कार्रवाई को चीन की सरकार द्वारा आर्थिक और राजनीतिक शक्ति का संचालन करने वाले तकनीकी दिग्गजों पर नियंत्रण हासिल करने के प्रयास के रूप में देखा गया था।

अरबपति व्हिटनी डुआन हुई बर्बाद
टाइम पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, व्हिटनी डुआन और उनके पूर्व पति डेसमंड शम चीन के प्रसिद्ध कारोबारी परिवार से जुड़े थे और वो राजधानी बीजिंग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभार रहे थे। लेकिन एक दिन व्हिटनी डुआन अचानक गायब हो गईं और फिर 2017 में उनके पूर्व पति डेमसंड भी बिना कोई सबूत छोड़े गायब हो गये। उन दोनों का कोई नामोनिशान नहीं मिला। ऐसी रिपोर्ट है कि, तत्कालीन चीन के प्रधानमंत्री ने कोई घोटाला किया था और दोनों व्यापारी उनका राज उगल सकते थे, लिहाजा उन्हें गायब करवा दिया गया था। हालांकि, कई साल गायब रहने के बाद साल 2021 की शुरूआत में डेमसंड सार्वजनिक जीवन में वापस लौटे हैं।

रियल एस्टेट मुगल रेन झिकियांग 'गायब'
रियल एस्टेट के प्रसिद्ध कारोबारी रेन झिकियांग मार्च 2020 में एक दिन अचानक गायब हो गए, जब उन्होंने चीनी सरकार की आलोचना करते हुए एक लेख लिखा था, जिसमें उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की जमकर आलोचना की थी और अपने लेख में उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग को 'जोकर' कहा था। कुछ ही समय बाद उनके दोस्तों ने द न्यू यॉर्क टाइम्स को बताया कि रेन झिकियांग लापता हो चुके हैं। बाद में एक अदालत ने उन्हें वित्तीय अपराधों के मुकदमे का दोषी पाए जाने के बाद उन्हें 18 साल जेल की सजा सुनाई है। वहीं उनके दोस्तों का आरोप है कि, उनके लेख की वजह से शी जिनपिंग ने उनकी जिंदगी तबाह कर दी है। समाजशास्त्री गुओ युहुआ ने टाइम्स को बताया था कि, "स्पष्ट तौर पर उनके लेख के लिए चीन में उन्हें सजा दी गई है, जो बाकी लोगों के लिए भी एक सबक है।"

वांग क्वानझांग पर गिरी गाज
साल 2015 में मानवाधिकार हनन के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आलोचना करने वाले चीन के प्रसिद्ध वकील वांग क्वानझांग को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ साथ 200 और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें बंद दरवाजे वाली एक अदालत में 'राज्य सत्ता को नष्ट' करने का दोषी पाया गया और अदालती मुकदमे के दौरान कोर्ट रूम में एक भी विदेश पत्रकार या कोई भी डिप्लोमेट मौजूद नहीं था। करीब तीन साल तक उनके बारे में उनके परिवार को कोई जानकारी नहीं मिली थी, कि वो जिंदा भी हैं या मर चुके हैं। उनकी पत्नी ली वेनज़ू ने 2017 में बीबीसी के जॉन सुडवर्थ को बताया था कि "मुझे नहीं पता कि वह जीवित हैं या मर चुके हैं।" उनकी पत्नी ली ने कहा कि, वांग को "उस वकील से मिलने की अनुमति नहीं थी जिसे हमने उनके लिए नियुक्त किया है, और उसे बाहरी दुनिया के साथ संवाद करने का कोई अधिकार नहीं है।" हालांकि, करीब पांच सालों के बाद वांग को अप्रैल 2020 में रिहा किया गया था और इस दौरान उन्हें भीषण यातनाएं दी गईं।

फैन बिंगबिंग को सजा
फैन बिंगबिंग नाम की एक हॉलीवुड अभिनेत्री को भी चीन में शासन के खिलाफ बोलने के लिए सजा दी गई थी और 2018 में करीब तीन महीने तक वो गायब रहीं थीं। बाद में पता चला था कि, उन्हें टैक्स चोरी के आरोप में तीन महीने तक घर में नजरबंद रखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications