UP Police Exam: साल्वर गैंग सावधान! यूपी पुलिस परीक्षा में इस बार हुआ थोड़ा भी शक, तो जिंदगी भर पड़ेगा पछताना
UP Police Constable Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आगामी सिपाही भर्ती परीक्षा को पूरी तरह लीक-प्रूफ और पारदर्शी बनाने के लिए चक्रव्यूह तैयार कर लिया है। बोर्ड ने इस बार नकल माफियाओं और साल्वर गैंग की रीढ़ तोड़ने के लिए एक ऐसा खौफनाक फरमान जारी किया है, जिससे परीक्षा में सेंधमारी का ख्वाब देखने वालों के हौसले पस्त हो जाएंगे। साफ कर दिया गया है कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को सिर्फ सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाएगा, बल्कि उनकी पूरी चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर उन्हें सड़क पर ला दिया जाएगा।
आइए जानतें हैं बोर्ड की इस नई गाइडलाइन के तहत दोषियों के खिलाफ कितनी सख्त सजा और जुर्माने का प्रविधान किया गया है।

साल्वर बनते ही 'कुर्की' की कार्रवाई
भर्ती बोर्ड के नए नियमों के मुताबिक, यदि कोई भी बाहरी व्यक्ति किसी असली अभ्यर्थी के स्थान पर 'साल्वर' बनकर परीक्षा हॉल में बैठता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ा एक्शन लिया जाएगा। इस मामले की जांच करने वाले विवेचक (Investigating Officer) सीधे आरोपी का पूरा ब्यौरा संबंधित जिले के जिलाधिकारी (DM) को सौंपेंगे। डीएम की हरी झंडी मिलते ही आरोपी की जमीन, मकान और बैंक खातों समेत तमाम संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
पेपर के कंटेंट पर चर्चा की, तो भी जाना पड़ेगा जेल
अक्सर देखा जाता है कि परीक्षा खत्म होने के बाद लोग सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म्स पर प्रश्नपत्रों के कंटेंट का विश्लेषण करने लगते हैं या उसे शेयर करते हैं। बोर्ड ने इस पर पूरी तरह से रेड सिग्नल लगा दिया है। अब परीक्षा के प्रश्नों या उसके किसी भी हिस्से पर सार्वजनिक चर्चा करना, उसे फॉरवर्ड करना या प्रचारित करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। 'यूपी सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024' के तहत इसे गंभीर और दंडनीय अपराध की श्रेणी में रखा गया है।
पहली और दूसरी गलती पर क्या है सजा का प्रावधान?
इस नए कानून के तहत तय की गई सजा की दरें इतनी सख्त हैं कि कोई भी जालसाज हाथ लगाने से पहले सौ बार सोचेगा:
- पहली बार दोषी पाए जाने पर: अपराधी को अधिकतम 7 साल की कठोर जेल काटनी होगी और साथ ही 10 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा।
- दूसरी बार पकड़े जाने पर: सजा सीधे आजीवन कारावास (उम्रकैद) में तब्दील हो जाएगी और जुर्माने की रकम 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये तक कर दी जाएगी।
75 जिलों में सजेगा परीक्षा का महामंच
उत्तर प्रदेश के इतिहास की यह सबसे बड़ी महापरीक्षाओं में से एक होने जा रही है। आगामी 8 से 10 जून के बीच आयोजित होने वाली इस सिपाही भर्ती परीक्षा में कुल 32,679 खाली पदों को भरा जाना है। इसके लिए प्रदेश भर से 28 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
दो पालियों में में होगी परीक्षा
इस भारी भीड़ और परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य के सभी 75 जिलों में 1,183 हाई-टेक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम रहेंगे। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में (सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक) ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी।
जरूरी जानकारी:
• एडमिट कार्ड: एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
• एग्जाम सिटी: उम्मीदवारों के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप (Exam City Slip) जारी की जा चुकी है।
• आधिकारिक वेबसाइट: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड पर सभी अपडेट और नोटिस उपलब्ध हैं।















Click it and Unblock the Notifications