Bangladesh general elections:बांग्लादेश में जून 2026 तक होंगे आम चुनाव? यूनुस के टाइमफ्रेम से बढ़ी सियासी हलचल
Bangladesh general elections: बांग्लादेश की राजनीति एक बार फिर उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। देश की अंतरिम सरकार पर जहां लगातार नए चुनाव करवाने का दबाव बढ़ रहा है, वहीं इस बीच अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार और नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस ने आगामी आम चुनावों की संभावित तारीखों की घोषणा कर दी है।
यूनुस के अनुसार, राष्ट्रीय चुनाव दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच कराए जा सकते हैं। यूनुस फिलहाल जापान दौरे पर हैं, जहां उन्होंने टोक्यो में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बयान दिया।

उन्होंने कहा कि "राजनीतिक दल चुनाव को लेकर बेहद अधीर हैं और सत्ता में वापस आने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। ऐसे में लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप चुनावों की समयसीमा घोषित करना आवश्यक हो गया है।"
Bangladesh elections की राह में 'सुधार' बनेगा अहम कारक
यूनुस ने अपने बयान में इस बात को भी स्पष्ट किया कि चुनाव की तारीखें इस बात पर निर्भर करेंगी कि अंतरिम सरकार द्वारा प्रस्तावित राजनीतिक और प्रशासनिक सुधार कितनी तेजी से लागू किए जाते हैं।
उनके अनुसार, "अगर सुधारों की प्रक्रिया तेज होती है, तो हम दिसंबर 2025 तक चुनाव करवा सकते हैं। लेकिन अगर इसमें देर हुई और काम अधूरा रहा, तो अधिकतम समय सीमा जून 2026 होगी।"
यूनुस ने जोर देकर कहा कि सुधारों की प्रक्रिया अनिश्चितकाल तक नहीं खिंच सकती। "हमें हर हाल में जून 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
Bangladesh elections: BNP ने तेज किया चुनावी दबाव
यूनुस के बयान के ठीक पहले, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने ढाका में एक विशाल रैली का आयोजन किया, जिसमें युवाओं के "राजनीतिक अधिकारों की बहाली" की मांग को लेकर आवाज उठाई गई।
BNP के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान, जो फिलहाल लंदन में निर्वासन में हैं, ने इस रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और कहा कि "राष्ट्रीय चुनाव के नाम पर अब सिर्फ बहानेबाजी की जा रही है। अंतरिम सरकार को बने हुए 10 महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट चुनाव तारीख नहीं दी गई है।"
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि "इतिहास में जब भी कार्यवाहक सरकार बनी है, तो 3 महीनों के भीतर चुनाव कराए गए हैं।" उन्होंने यूनुस सरकार से मांग की कि "राष्ट्रीय चुनाव दिसंबर 2025 से पहले ही कराए जाएं और इसकी तैयारियां तुरंत शुरू की जाएं।"
Bangladesh: शेख हसीना के इस्तीफे के बाद सत्ता में यूनुस सरकार
बता दें कि लंबे समय तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं शेख हसीना के इस्तीफे के बाद, अंतरिम सरकार की बागडोर मुहम्मद यूनुस के हाथों में आई थी। तब से लेकर अब तक देश में चुनावों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं रही है, जिससे विपक्षी दलों और आम जनता में बेचैनी बढ़ रही है।
BNP और अन्य विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि अंतरिम सरकार चुनाव टालने की कोशिश कर रही है और सत्ता को लंबे समय तक अपने नियंत्रण में रखने की योजना बना रही है।
क्या बांग्लादेश राजनीतिक अस्थिरता की ओर बढ़ रहा है?
बांग्लादेश में इस समय का राजनीतिक परिदृश्य काफी संवेदनशील और जटिल हो गया है। एक तरफ चुनावों में देरी को लेकर विपक्ष का बढ़ता दबाव, दूसरी तरफ अंतरिम सरकार द्वारा सुधारों को प्राथमिकता देने की रणनीति, इस बात की ओर इशारा करती है कि आने वाले महीनों में देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर चुनावों को लेकर कोई ठोस और पारदर्शी रोडमैप जल्द नहीं पेश किया गया, तो बांग्लादेश एक बार फिर आंदोलनों और अस्थिरता के भंवर में फंस सकता है।
मुहम्मद यूनुस द्वारा चुनावों की संभावित समयसीमा की घोषणा ने जहां एक ओर कुछ राहत दी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इसे पर्याप्त नहीं मान रहा है। अब देखना होगा कि क्या यूनुस सरकार विपक्षी मांगों को ध्यान में रखते हुए चुनावों की तारीख को और जल्द घोषित करती है, या फिर सुधारों की राह को प्राथमिकता देते हुए तयशुदा समयसीमा तक इंतजार करती है। एक बात तो तय है बांग्लादेश की राजनीति में आगामी महीनों में गर्माहट और बढ़ने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications