पाकिस्तान: क्वेटा के सेरेना होटल के पास भीषण विस्फोट, 2 पुलिसकर्मियों की मौत, 8 घायल
क्वेटा, अगस्त 08: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रविवार शाम बड़ा बम विस्फोट हुआ है। जिसमें दो पुलिस वालों की जान चली गई है। इस धमाके में आठ लोगों के घायल होने की खबर है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बम को एक मोटरसाइकिल में फिट किया गया था। विस्फोट की खबर के शहर में अलर्ट जारी किया गया है। मौके पर कई शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता लियाकत शाहवानी ने एक बयान में कहा कि तंजीम चौक के पास एक पुलिस मोबाइल को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में चार राहगीर भी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि बम मोटरसाइकिल में फिट किया गया था। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी लगा दी गई। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए कहा, "आतंकवादी बलूचिस्तान की शांति भंग करना चाहते हैं और भय फैलाना चाहते हैं।
बलूचिस्तान के इंस्पेक्टर जनरल मोहम्मद ताहिर राय ने बताया कि मोटरसाइकिल में आईईडी लगाई गई थी, जिसमें रिमोट से विस्फोट किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। क्वेटा के डीआईजी ने बताया घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम कमाल खान ने भी हमले की निंदा की और दो पुलिसकर्मियों की शहादत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि, आतंकवादी तत्व प्रांत की शांति को बर्बाद करना चाहते हैं। हम आतंकवादियों को उनकी नापाक मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हमले की रिपोर्ट सौंपने और घायलों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया। क्वेटा के सेरेना होटल की पार्किंग में हुए ब्लास्ट के बाद के तीन महीने यह घटना हुई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन अन्य घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications