चीन के सिचुआन प्रांत में 6.6 तीव्रता का तेज भूकंप, 21 लोगों की मौत, बढ़ सकते हैं आंकड़े
दक्षिण-पश्चिमी चीन में आए भीषण भूकंप में कम से कम 21 लोग मारे गए हैं। बता दें कि, चीन के चेंगदू में यह महाभूंकप तब आया जब लोग यहां सख्त कोरोना लॉकडाउन के कारण घरों में कैद हैं।
बीजिंग, 5 सितंबर : चीन के सिचुआन प्रांत में आज 6.6 तीव्रता का तेज भूकंप ( strong earthquake in south-western China) आया जिसमें अभी तक 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। कई घायल भी बताए जा रहे हैं। भूकंप का केंद्र लुडिंग काउंटी रहा जो इस समय कोरोना के बढ़ते मामलों से भी जूझ रहा है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने कहा कि 6.6-तीव्रता का भूकंप कांगडिंग शहर से लगभग 26 मील (43 किमी) दक्षिण-पूर्व में लगभग छह मील की गहराई पर आया।

चीन में आए भूकंप में 21 लोगों की मौत
सरकारी चैनल, सीसीटीवी के अनुसार, भूकंप के कारण शिमियन काउंटी में 14 लोगों की मौत हो गई और पास के लुडिंग काउंटी में सात लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक दोपहर में 12 बजकर 25 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप इतना तेज था कि इमारते जोर-जोर से हिलने लगीं, लोग बाहर आ गए और अफरा-तफरी मच गई। अभी तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल बताए जा रहे हैं. मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, कई जगहों पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

वीडियो में इमारतें हिल रही हैं
चीन के सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किए गए हैं, उनमें साफ दिख रहा है कि चेंगदु में इमारतें हिल रही हैं। वहीं, भूकंप के कारण लोगों की मौत ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। क्योंकि मरने वाले लोगों का सही आंकड़ा अभी तक नहीं मिल पाया है। एक स्थानीयवासी का कहना है कि, मैनें धरती को डोलते हुए महसूस किया जो कि काफी डरावना था।

महामारी और भूकंप एक साथ
बता दें कि, चीन के चेंगदू में महामारी के कारण लोगों को अपने घरों को छोड़ने की अनुमति नहीं है, फिर भी भूकंप के कारण लोग अपने घरों से निकल कर बाहर की ओर भागने लगे। सीसीटीवी ने बताया कि भूकंप के कारण पहाड़ी भूस्खलन से कम से कम एक शहर में "गंभीर क्षति" हुई है। सीसीटीवी के मुताबिक, एक शहर से दूसरे शहर को जोड़ने वाली सड़के अवरुद्ध हो गई हैं। करीब 10 हजार से अधिक लोगों के घरों की दूरसंचार लाइनें टूट गईं। भूकंप के झटकों के कारण इलाके की बिजली भी चली गई है। महामारी और भूकंप ने लोगों के जीवन में भूचाल ला दिया है।

यहां भूकंप आते रहते हैं
जिस सिचुआन प्रांत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं, वो तिब्बत से सटा हुआ है। साल 2008 में वहां पर विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें 70 हजार के करीब लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। साल 2013 में भी इसी इलाके में आए महा भूकंप ने 200 से ज्यादा लोगों की जान ली थी।
document1}












Click it and Unblock the Notifications