अमेरिका ने रूस पर लगाया प्रतिबंध, रूस ने कहा देगा जवाब
अमेरिका ने रूस पर साइबर हमले और दूसरी शत्रुतापूर्ण गतिविधियाँ करने की बात करते हुए उसके ख़िलाफ़ प्रतिबंधों की घोषणा की है और 10 राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है.
व्हाइट हाउस ने कहा है कि इन प्रतिबंधों का मक़सद रूस की 'हानिकारक विदेशी गतिविधियों' की रोकथाम करना है.
उसने एक बयान में कहा है कि पिछले वर्ष 'सोलरविन्ड्स' की बड़ी हैकिंग के पीछे रूसी ख़ुफ़िया एजेंसियों का हाथ था.
उसने साथ ही रूस पर 2020 के अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया है.
रूस ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि वो इसका जवाब देगा.
राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया जिसमें इन प्रतिबंधों का ब्यौरा दिया गया है. इनमें रूस के 32 अधिकारियों और लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है.
अमेरिका ने ये क़दम ऐसे वक़्त उठाया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति है.
पिछले महीने अमेरिका ने रूस के सात अधिकारियों के ख़िलाफ़ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सी नवेलनी को ज़हर देने के मामले में कार्रवाई की थी. रूस इस आरोप से इनकार करता है.
मंगलवार को बाइडन ने पुतिन को फ़ोन किया था जिसमें उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रीय हितों की दृढ़ता से रक्षा करने का संकल्प जताया. उन्होंने साथ ही पुतिन के साथ एक बैठक करने का भी प्रस्ताव रखा जिसमें उन मुद्दों की पहचान की जा सके जिनमें दोनों देश मिलकर काम कर सकते हैं.
प्रतिबंध
गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने रूस के ख़िलाफ़ प्रतिबंध लगाने के फ़ैसले को 'आनुपातिक' बताया.
बाइडन ने पत्रकारों से कहा, "मैंने राष्ट्रपति पुतिन से स्पष्ट कर दिया कि हम और भी बहुत कुछ कर सकते थे, पर मैंने वो नहीं किया. अमेरिका रूस के साथ तनाव और संघर्ष बढ़ाने का एक सिलसिला नहीं शुरू करना चाहता."
उन्होंने साथ ही कहा कि आगे का रास्ता सोची-समझी वार्ता और कूटनीतिक प्रक्रिया से निकलेगा.
व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नये प्रतिबंध दिखाते हैं कि रूस ने अगर 'अस्थिर करने वाली अंतरराष्ट्रीय कार्रवाइयाँ' जारी रखीं तो अमेरिका उसे इसकी एक 'रणनीतिक और आर्थिक रूप से प्रभावी क़ीमत चुकाने वाले' फ़ैसले करेगा.
उसने एक बार फिर अपना ये पक्ष दोहराया है कि साइबर हमलों के पीछे रूस सरकार का हाथ है और वो अमेरिका और उसके सहयोगी देशों में 'स्वतंत्र और निष्पक्ष लोकतांत्रिक चुनावों को' प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है.
उसने ख़ासतौर पर रूसी विदेशी ख़ुफ़िया एजेंसी एसवीआर पर सोलरविंड्स हमलों का आरोप लगाया है.
इस हमले से साइबर अपराधियों को 18,000 सरकारी और निजी कंप्यूटर नेटवर्कों में पहुँच मिल गई थी.
पिछले साल दिसंबर में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने कहा था कि उनका मानना है कि इस हमले के पीछे रूस का हाथ है.
रूस की प्रतिक्रिया
प्रतिबंधों की घोषणा के थोड़ी ही देर बाद रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे 'एक शत्रुतापूर्ण क़दम' बताया जो ख़तरनाक तरीक़े से संघर्ष का पारा बढ़ाएगा.
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "ऐसी आक्रामक हरकतों का निश्चित तौर पर एक माकूल जवाब दिया जाएगा."
रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजदूत को तलब किया है.
वहीं यूरोपीय संघ, नेटो और ब्रिटेन ने अमेरिकी क़दम के समर्थन में बयान जारी किये हैं.












Click it and Unblock the Notifications