MP News: जीतू पटवारी के कारण नेता छोड़ रहे कांग्रेस?, विशाल पटेल ने किया चौंकाने वाला खुलासा
MP में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के साथ इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल ने BJP का दामन थाम लिया है। BJP का दामन थामने के बाद इंदौर आए संजय शुक्ला और विशाल पटेल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया, यहां विशाल पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस छोड़ने और BJP का दामन थामने का कारण बताया।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी का कट्टर समर्थक माना जाता है। यही कारण है कि, संजय शुक्ला ने अपने नेता सुरेश पचौरी के साथ कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया है। वहीं पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल के बीच पारिवारिक रिश्ते भी हैं। यही कारण रहा की संजय शुक्ला अपने साथ विशाल पटेल को BJP में ले गए हैं।

विशाल पटेल ने कही ये बात
पूर्व विधायक विशाल पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, आप में से ही किसी ने लिखा था कि, पटवारी का काम जो है, वह कलेक्टर को दे दिया है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष ना कुछ समझते हैं, ना विजन है, ना उस व्यक्ति के पास कोई ऐसी चीज है, जिससे वह किसी को रोक सके, ना कोई दिशा है, वह दिशाहीन हो चुके हैं, जिस प्रकार से उनका वरिष्ठ लोगों के प्रति आम कार्यकर्ताओं के प्रति जो रवैया रहा है, वह एक बड़ा कारण रहा, मध्य प्रदेश में अनेक ऐसे नेता है, जो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होंगे।
पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल दोनों ही कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाते हैं, जहां दोनों नेताओं का अच्छा खासा वर्चस्व भी अपने-अपने क्षेत्रों में माना जाता है, संजय शुक्ला विधायक होने के साथ-साथ महापौर का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं विशाल पटेल देपालपुर विधायक रहने के साथ-साथ पार्टी के लिए अपनी भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दोनों ही नेताओं के नाम टिकट की दौड़ में शामिल थे, लेकिन अचानक दोनों ही नेताओं ने टिकट की दौड़ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है।
ये भी पढ़े- MP News: एक रात में सियासी उलटफेर, जिन्हें मिलना था टिकट, उन्होंने ही छोड़ दिया कांग्रेस का हाथ












Click it and Unblock the Notifications