Indore news: त्योहारों के मौसम में शांति समिति की बैठक संपन्न, सभी ने मिलकर लिया खास फैसला
इंदौर जिले में आगामी त्योहार इंदौर की परम्परा अनुसार आपसी सौहार्द, एकता एवं शांति के साथ मनाये जायेंगे। त्योहारों के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित अन्य विभागों द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेगी। त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, ताजिए, अखाड़े आदि के दौरान व्यवस्थाएं बनाये रखने में आयोजकों के वॉलेंटियर भी सहभागी बनेंगे।
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी की अध्यक्षता संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मनीष कपूरिया, नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह, एडीएम अजयदेव शर्मा, राजेश राठौर, आर.एस. मण्डलोई, डीसीपी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, शहर काजी डॉ. इशरत अली सहित शांति समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

बैठक में हुए ये फैसले
बैठक में बताया गया कि, आगामी दिनों में मोहर्रम, बलराम जयंती, जनजातीय दिवस, स्वतंत्रता दिवस, पारसी नववर्ष, नागपंचमी, गोस्वामी तुलसीदास जयंती, ओणम तथा रक्षाबंधन सहित अन्य त्यौहार आयेंगे। त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा के लिये यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि हम सबकी जवाबदारी है कि आगामी त्यौहार पूर्ण शांति, कानून व्यवस्था और आपसी सौहार्द एकता के साथ मनाये जाये। उन्होंने आयोजकों से कहा कि व्यवस्थाओं में वह भी सहभागी बने। निकलने वाले जुलूस, ताजिए, अखाड़े आदि के दौरान व्यवस्थाएं बनाये रखने के लिये अपने-अपने स्तर पर वॉलेंटियर नियुक्त करें। इन वॉलेंटियरों को पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था संभालने के लिये प्रशिक्षण भी देवें। वॉलेंटियर की पहचान के लिये अलग तरह की टीशर्ट देने के प्रयास भी करें।
सुरक्षा के माकूल इंतजाम रहेंगे
उन्होंने कहा कि, शांति समिति के सदस्यों के साथ मिलकर आगामी दिनों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण भी किया जायेगा। कार्यक्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मनीष कपूरिया ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के संबंध में की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाने स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें आयोजकों के साथ ली जा रही है। उन्होंने कहा कि, वॉलेंटियर की व्यवस्था रखने से आयोजकों और प्रशासन दोनों को व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि, सुरक्षा के माकूल इंतजाम रहेंगे।
ये भी पढ़े- Ladli behna yojna का दूसरा चरण, जिन महिलाओं के परिवार में है ट्रेक्टर, वो इस तरह करें आवेदन












Click it and Unblock the Notifications