MP Board 10th Results: मूक बधिर और दृष्टि दिव्यांग गुरदीप ने रचा इतिहास, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला
इंदौर में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 10वीं कक्षा की परीक्षा में इतिहास रचने वाली मूक बधिर और दृष्टि दिव्यांग गुरदीप का हौसला बढ़ाया।

कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंची मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 10वीं कक्षा की परीक्षा में इतिहास रचने वाली मूक बधिर और दृष्टि दिव्यांग गुरदीप का हौसला बढ़ाया। इस बालिका ने अपने हौसलों से 10वीं की यह परीक्षा उत्तीर्ण कर साबित कर दिया है कि वह किसी से कम नहीं है। गुरदीप देश की पहली ऐसी बधिरांध है, जो मूक, बधिर और दृष्टि बाधित होकर 10वीं बोर्ड की परीक्षा उत्तीर्ण की है। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने इस इतिहास रचने वाली बालिका गुरदीप को 10 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी।
कलेक्टर ने की बातचीत
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने इस बालिका से चर्चा कर अनुभव सुने। उन्होंने बालिका को प्रोत्साहित करते हुये कहा कि आगे की पढ़ाई में जरूरत होने पर हर संभव मदद दी जायेगी। इस बालिका द्वारा दी गई परीक्षा में लेखिका भी एक बधिर बालिका थी। गुरदीप की पढ़ाई के लिए अंग्रेजी की ब्रेल लिपी और अमेरिकन सांकेतिक भाषा के साथ ही स्पर्श लिपि का उपयोग किया गया था। आनंद सर्विस सोसायटी मूक बधिर संस्था के ज्ञानेंद्र पुरोहित और मोनिका पुरोहित भी इस दौरान मौजूद थे। गुरदीप बचपन से ही होनहार है। गुरदीप का शुरुआत से ही पढ़ाई के प्रति रुझान था।
कुछ ऐसा रहा रिजल्ट
मध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से गुरुवार को राजधानी भोपाल में दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट जारी किया गया था, जहां स्कूली शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। 10वीं का रिजल्ट 63.9% रहा, जिसमें 60.27% छात्र तो वहीं 66.47% छात्राओं ने बाजी मारी है, यह रिजल्ट पिछले साल से बेहतर रहे हैं। वहीं 12वीं का रिजल्ट 55.2% रहा जहां 52% छात्रों ने तो वहीं 58% छात्राओं ने बाजी मारी है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से एमपी बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 1 मार्च से 27 मार्च के बीच आयोजित की गई थी तो वहीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित हुई थी।
ये भी पढ़े- MP board 10th result: MP टॉपर मृदुल पाल ने बताई सक्सेस स्टोरी, बिना कोचिंग कैसे हासिल किया लक्ष्य, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications