Indore news: कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा गणपति के दर्शन कर शुरू किया जनसंपर्क, वरिष्ठों का लिया आशीर्वाद
BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मिशन 2023 के मद्देनजर अपनी तैयारी शुरू कर दी है, जहां इंदौर की विधानसभा एक से प्रत्याशी घोषित होने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। वहीं इसके बाद कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा एक के बड़ा गणपति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन अर्चन के बाद अपने जनसंपर्क का आगाज किया।
कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा एक के वरिष्ठ नेताओं के घर पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लिया है, जहां कैलाश विजयवर्गीय पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन समेत बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के घर पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विजयवर्गीय के साथ नजर आ रहे थे।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
विधानसभा एक के बड़ा गणपति मंदिर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने परिवार सहित भगवान गणपति के दर्शन और पूजन किया। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान के साथ भगवान गणेश का पूजन-अर्चन करवाया। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ पत्नी आशा विजयवर्गीय, पुत्र आकाश विजयवर्गीय, बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, आईडीए उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला, एमआईसी मेंबर राजेंद्र राठौर समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता नजर आ रहे थे। वहीं इसके बाद वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेने निकले कैलाश विजयवर्गीय का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
चुनाव मैदान में नजर आएंगे विजयवर्गीय
बीजेपी की दूसरी सूची में कद्दावर नेताओं के नाम नजर आ रहे हैं, जहां सियासत के गढ़ कहे जाने वाले शहर इंदौर की विधानसभा 1 से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। विजयवर्गीय अंचल के कद्दावर नेताओं में से एक माने जाते हैं, जहां विजयवर्गीय का प्रभाव मालवा-निमाड़ अंचल में देखा जाता है। इतना ही नहीं कैलाश विजयवर्गीय को मैनेजमेंट का मास्टर भी माना जाता है। यही कारण है कि, कैलाश विजयवर्गीय को अबकी बार संगठन ने विधानसभा 1 से प्रत्याशी बनाते हुए पूरे मालवा-निमाड़ अंचल को अलग संदेश देने की कोशिश की है। बहरहाल, भाजपा की रणनीति कितनी कारगर सिद्ध होगी ये आने वाला वक्त बताएगा।
ये भी पढ़े- MP news: टिकट मिलते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर गए कैलाश विजयवर्गीय, हर तरफ दिखा जलवा












Click it and Unblock the Notifications