Indore weather news: मानसून हुआ मेहरबान, इंदौर के इस हिस्से में जमकर बरसे बदरा
मानसून की एंट्री के बाद मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बने लो प्रेशर सिस्टम के चलते बदले मौसम के मिजाज का असर अब पूरे प्रदेश पर देखने मिल रहा है, जहां प्रदेश के सभी जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी है। मालवा अंचल के इंदौर, उज्जैन, रतलाम, अलीराजपुर खंडवा, खरगोन और धार जैसे जिलों में हल्की फुल्की बारिश का दौर जारी रहा जिसके चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले एक-दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जहां लो प्रेशर सिस्टम के चलते हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने मिल सकता है। उधर, मानसून के चलते हो रही बारिश ने लोगों को काफी राहत दी है।

देपालपुर में हुई इतनी बारिश
पिछले 24 घंटे में इंदौर जिले के देपालपुर में सर्वाधिक 72.2 मिलीमीटर (पौने तीन इंच से अधिक) बारिश हुई है। इसी तरह गौतमपुरा क्षेत्र में 47.3 मिलीमीटर (पौने दो इंच से अधिक) वर्षा हुई है। इसे मिलाकर जिले में इस अवधि में 31.0 मिलीमीटर (लगभग सवा इंच) औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसे मिलाकर इंदौर जिले में जारी मानसून सत्र में अब तक 399.6 मिली मीटर (लगभग पौने 16 इंच) औसत वर्षा हो चुकी है। यह गत वर्ष इस अवधि में हुई वर्षा से 131.6 मिली मीटर (सवा 5 इंच) अधिक है। गत वर्ष आज दिनांक तक जिले में 268.3 मिली मीटर (साढ़े 10 इंच) औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
कहां हुई कितनी बारिश?
कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष अब तक जिले के वर्षामापी केन्द्र इंदौर में 269.1 मिमी., महू में 349 मिमी., सांवेर में 429.8 मिमी., देपालपुर में 623 मिमी., गौतमपुरा में 418 मिमी. और हातोद में 308.8 मिमी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष आज दिनांक तक जिले के वर्षामापी केन्द्र इंदौर में 331 मिमी., महू में 216 मिमी., सांवेर में 296.4 मिमी., देपालपुर में 341.2 मिमी., गौतमपुरा में 157 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। कुलमिलाकर, देखा जाए तो इंदौर में इन दिनों लगातार बारिश का सिलसिला जारी है।
ये भी पढ़े- Indore news: आम ने ली महिला की जान, खाने से पहले इस बात का रखें ध्यान












Click it and Unblock the Notifications